लाखों की राजस्व बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा
भारतीय रेलवे के पर्यावरण-अनुकूल और ‘नेट जीरो कार्बन एमिशन’ के लक्ष्य की दिशा में अजमेर मंडल निरंतर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर रहा है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में किए गए प्रभावी कार्यों के चलते मंडल न केवल ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है, बल्कि राजस्व की भी भारी बचत सुनिश्चित कर रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक अजमेर श्री राजू भूतड़ा के अनुसार अजमेर मंडल पर अब तक कुल 4476 केडब्लूपी क्षमता के सोलर पैनल सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इन सौर संयंत्रों के माध्यम से मंडल ने न केवल कार्बन उत्सर्जन में कमी की है, बल्कि वित्तीय मोर्चे पर भी बड़ी सफलता हासिल की है।
रेल राजस्व की बचत के अंतर्गत सौर ऊर्जा के उपयोग से अजमेर मंडल को वित्तीय वर्ष 2024-25 में लगभग 80.05 लाख रुपये की बचत हुई है। इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस बचत का आंकड़ा और बढ़कर 89.57 लाख रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
भविष्य की योजनाओं के अंतर्गत मंडल पर सौर ऊर्जा के बुनियादी ढांचे को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए वर्तमान में 2.5 एमडब्लूपी अतिरिक्त क्षमता वाले सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना के पूर्ण होने से मंडल की सौर ऊर्जा क्षमता में भारी वृद्धि होगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बिजली बिलों में भी और अधिक कटौती संभव होगी।
अजमेर मंडल भविष्य में भी नवीन और अक्षय ऊर्जा के स्रोतों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि स्वच्छ और हरित रेल संचालन का संकल्प साकार हो सके।
मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर