अजमेर। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वदेशी स्वावलंबी भारत अभियान (MySBA) के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं को आत्मनिर्भरता, स्टार्टअप एवं स्वदेशी उद्यमिता की ओर प्रेरित करने हेतु “युवा उद्यमिता यात्रा” का भव्य शुभारंभ अजमेर में 25 मार्च 2026 को किया जा रहा है। यह कार्यक्रम स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन एवं महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (MDSU), अजमेर के संयुक्त तत्व अवधान में “स्वराज सभागार” में दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का संचालन CHARGE (चोयल हब फॉर एग्रीबिजनेस रिसर्च, ग्रोथ एंड एंटरप्रेन्योरशिप) द्वारा किया जाएगा तथा सेंट स्टीफन कॉलेज, किशनगढ़ का इसमें विशेष सहयोग रहेगा।
“युवा उद्यमिता यात्रा” केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं के लिए उद्यमिता की एक प्रेरणादायक पहल है, जिसके माध्यम से उन्हें एक विचार से लेकर व्यवसाय स्थापित करने तक की संपूर्ण प्रक्रिया से परिचित कराया जाएगा। इस पहल के माध्यम से युवाओं को नए व्यवसायिक अवसरों की जानकारी देने के साथ-साथ उनके कौशल की पहचान, नवाचार को अपनाने एवं आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रभावी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
यह यात्रा राजस्थान के 10 जिलों में आयोजित की जाएगी, जिसमें युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों एवं महिला उद्यमियों को स्टार्टअप, स्वरोजगार, कौशल विकास एवं स्वदेशी उद्योगों के अवसरों से अवगत कराया जाएगा। साथ ही, उन्हें सफल उद्यमियों के अनुभव, मेंटरशिप एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपने उद्यमिता के सपनों को साकार कर सकें।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्री वासुदेव देवनानी जी अध्यक्ष, राजस्थान विधानसभा उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट मार्गदर्शक के रूप में राष्ट्रीय स्तर के स्वदेशी विचारक श्री सतीश कुमार जी एवं मुख्य वक्ता के रूप में चिंतक एवं विचारक माननीय श्री निम्बाराम जी अपने विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल जी कुलगुरु, महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर द्वारा की जाएगी।
इस अवसर पर श्री आर. एस. चोयल जी (अखिल भारतीय आईटी प्रमुख – स्वदेशी स्वावलंबी भारत अभियान (MySBA) एवं निदेशक – स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन) “युवा उद्यमिता यात्रा” का परिचय देते हुए उद्यमिता विषय पर विशेष मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में उद्यमिता से जुड़े विविध विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी। श्री आर. एस. चोयल जी “उद्यमिता – प्रगति की ओर” विषय पर प्रस्तुति देंगे, जबकि श्री नवनीत अग्रवाल जी (रीजनल डायरेक्टर – ट्रेड प्रमोशन, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, जयपुर) MSME एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे। इसके साथ ही युवाओं के लिए एक इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें वे विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर सकेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, युवा उद्यमी, विशेषज्ञ एवं मार्गदर्शक बड़ी संख्या में सहभागी होंगे। यह आयोजन युवाओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप एवं स्वदेशी उद्योगों की दिशा में प्रेरित करने के साथ उन्हें व्यावहारिक एवं प्रभावी मार्गदर्शन प्रदान करने का एक सशक्त मंच सिद्ध होगा।