भारतीय रेलवे और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) अजमेर मंडल द्वारा महिला यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। इसी क्रम में, आरपीएफ अजमेर मंडल द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन मेरी सहेली‘ के अंतर्गत वर्ष 2025 में एक बड़ी सफलता हासिल की है। आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान अजमेर मंडल पर यात्रा करने वाली 88,291 महिला यात्रियों की विभिन्न समस्याओं का इस पहल के तहत निस्तारण किया गया।
‘ऑपरेशन मेरी सहेली’ को विशेष रूप से उन महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए शुरू किया गया जो लंबी दूरी की ट्रेनों में अकेले यात्रा करती हैं। मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीपक कुमार आजाद के निर्देशन में महिला आरपीएफ कर्मियों की एक समर्पित टीम स्टेशन पर महिला यात्रियों को सहयोग, सहायता व सुरक्षा प्रदान करती है। यात्रा के दौरान महिला कर्मियों द्वारा यात्रियों को सुरक्षा सावधानियों, जैसे अनजान यात्री से भोजन न लेना और आपातकालीन हेल्पलाइन 139 या रेल मदद एप के उपयोग के बारे में जागरूक किया जाता है। वर्ष 2025 में दर्ज की गई 88,291 समस्याओं में सुरक्षा संबंधी चिंताएं, तकनीकी सहायता, और यात्रा के दौरान होने वाली असुविधाएं शामिल थीं, जिनका मौके पर ही या अगले स्टेशन पर समाधान सुनिश्चित किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा इस अभियान को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए महिला कर्मियों की भर्ती और आधुनिक तकनीक का लगातार समावेश किया जा रहा है ताकि प्रत्येक महिला यात्री भारतीय रेलवे में सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ सफर कर सके।
: *मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर*