अजमेर।
अजमेर डेयरी के अध्यक्ष श्री रामचन्द्र चौधरी के नेतृत्व में पशुपालकों और किसानों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। अजमेर डेयरी कार्यालय में रामचन्द्र चौधरी अध्यक्ष अजमेर डेयरी की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई जिसमें राजस्थान ग्रामीण बैंक (RGB) के अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया कि पशुपालकों को ₹2 लाख तक का ऋण बिना किसी गारंटी के उपलब्ध कराया जाएगा। यह ऋण पशुओं की देखरेख, चारा खरीद, पशु बाड़ा निर्माण, शेड बनाने और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उपयोग किया जा सकेगा। साथ ही, यदि पशुपालक बचत करते हुए नए पशु खरीदना चाहते हैं तो उन्हें भी इसकी अनुमति होगी। इस योजना के तहत ब्याज दर करीब 7% रखी जाएगी, जो अन्य बैंकों की तुलना में काफी कम है।
योजना की खास बातें (पशुपालन एवं डेयरी)
बैठक में सामने आए प्रावधानों के अनुसार –
* पशुपालन एवं डेयरी कार्यों के लिए कैश क्रेडिट (KCC) सुविधा ₹2 लाख तक उपलब्ध कराई जाएगी।
* इस सीमा तक के ऋण पर कोई संपार्श्विक (गारंटी) आवश्यक नहीं होगी।
* ₹2 लाख से अधिक ऋण पर आवश्यकतानुसार जमीन या अन्य संपत्ति गिरवी रखनी पड़ सकती है।
* ऋण की वैधता 5 वर्ष तक रखी जाएगी, जिसमें समय-समय पर समीक्षा होगी।
* * कार्यशील पूंजी का आकलन पशुओं की संख्या और 6 महीने के उत्पादन चक्र के आधार पर किया जाएगा।
* पशुपालकों को चारा, दाना, दवाई, श्रम, बिजली-पानी जैसी आवश्यक लागतों को भी ऋण में शामिल किया जाएगा।
* किसानों, डेयरी संचालकों, स्वयं सहायता समूहों और महिला समूहों को भी योजना में शामिल किया गया है।
इसके अलावा, योजना में यह भी प्रावधान है कि कृषि भूमि के मूल्य के आधार पर कुल ऋण सीमा DLC मूल्य के 200% तक स्वीकृत की जा सकती है, जिससे बड़े स्तर पर डेयरी विकास को बढ़ावा मिलेगा।
पशुपालकों के लिए आर्थिक मजबूती का कदम
अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र में पशुपालन को नई गति मिलेगी और किसानों की आय बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए इस प्रकार की योजनाएं बेहद जरूरी हैं।
राजस्थान ग्रामीण बैंक के अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि वे सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाकर अधिक से अधिक पशुपालकों को लाभान्वित करेंगे और अजमेर सरस डेयरी के साथ अपने व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करेंगे।
बैठक में प्रबंध संचालक श्री रामलाल चौधरी, क्षेत्रीय प्रबंधक श्री कविश कुमार शर्मा, शाखा प्रबंधक श्री भरत चितारा, मुख्य प्रबंधक श्री प्रदीप चौधरी एवं श्री आशीष पालीवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।