*विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पहल पर अजमेर को बड़ी सौगात*

*चामुंडा तिराहे से वरुण सागर तक सड़क होगी चौड़ी, पुष्कर आवागमन होगा सुगम*
*6.82 करोड़ रूपए आएगी लागत*

अजमेर, 8 जून। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के प्रयासों से अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में क्षेत्रवासियों को एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा चामुंडा तिराहे से वरुण सागर गेट तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य स्वीकृत किया गया है, जिससे पुष्कर मार्ग पर यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगी। इस कार्य पर 6.82 करोड़ रूपए लागत आएगी।
अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 6.82 करोड़ रुपये की लागत से किए जाने वाले इस कार्य के अंतर्गत करीब 2 किलोमीटर लंबी एवं 18 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा। परियोजना में आधुनिक सुविधाओं को शामिल करते हुए सड़क के दोनों ओर आरसीसी ड्रेनेज प्रणाली, दो बड़े बॉक्स कलवर्ट (पुलियों) का निर्माण, दोनों तरफ विद्युत प्रकाश व्यवस्था हेतु लाइट पोल तथा उच्च गुणवत्ता की डामर सड़क का निर्माण किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वरुण सागर से खरकड़ी-अजयसर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य पहले से ही प्रगति पर है। ऎसे में चामुंडा तिराहे से वरुण सागर तक का यह नया कार्य पूर्ण होने के बाद अजमेर से पुष्कर तक आवागमन और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं तेज़ हो जाएगा। इससे स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को विशेष सुविधा मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, विद्युत एवं अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास कार्य निरंतर किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति पर विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!