*जिला स्तरीय बैंकिंग परामर्श एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित*

अजमेर, 10 जून। जिला स्तरीय बैंकिंग परामर्श एवं समीक्षा समिति की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसके साथ-साथ आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक भी हुई। बैठक में वार्षिक साख योजना का विमोचन किया गया। उर्मिला देवी के परिजन की मृत्यु पर मुख्यमंत्री आयुष्मान दुर्घटना बीमा की क्लेम राशि 5 लाख तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की क्लेम राशि 2 लाख का वितरण भी किया गया।

जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि समस्त बैंकर्स विभिन्न योजनाओं पर संवेदनशीलता के साथ व्यक्तिगत ध्यान देकर पेन्डेंसी खत्म करेंगे। आवेदकों को दस्तावेज पूर्ण करने में सहयोग प्रदान करें। योजनाओं की बैंक स्तर पर शाखावार समीक्षा होनी चाहिए। योजनाओं के लिए प्राप्त आवेदनों को निस्तारित करते समय सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करें। आकांक्षी ब्लॉक सावर क्षेत्र में अतिरिक्त शाखाएं खोलने की आवश्यकता है। इसके लिए सर्वे कराया जाएं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने वाले समस्त किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बैंकर्स साख जमा अनुपात की वृद्धि पर ध्यान दें। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के बकाया आवेदनों का जल्द से जल्द निस्तारण करवाना सुनिश्चत करें। अधिक से अधिक संख्या में स्वयं सहायता समूहों के नए खाते खोल कर बैंक लिंकेज तथा क्रेडिट लिंकेज को बढ़ाएं। इससे वार्षिक साख योजना को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनान्तर्गत प्रगति बढ़ाने के लिए प्रयास करें। प्राप्त आवेदनों को स्वीकृत अथवा निरस्त करने के लिए तेजी से कार्य किया जाए। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजनान्तर्गत अधिक से अधिक लाभार्थियों को ऋण प्रदान करें। इससे कमजोर वर्ग को आर्थिक सम्बल मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में शाखाओं द्वारा ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करवाएं। पुराने प्रकरणों पर पुनः कार्यवाही की जाए। पहले के निरस्त किए गए आवेदनों का सत्यापन करें। उनमें से पात्र व्यक्तियों को ऋण जारी करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। ग्राम सेवा शिविरों के दौरान पात्र व्यक्तियों के आवेदन करवाने की कार्यवाही करने के लिए योजना बनाए।

इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के डीआरएम श्री तंवर सिंह शेखावत, जिला अग्रणी प्रबंधक श्री संजय कुमार सिंह, भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्री मनीष मंडल, राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री कवीश कुमार शर्मा, नाबार्ड के जिला विकास प्रबन्धक श्रीमती रूबीना बानो, आरसेटी डायरेक्टर श्री कालूराम सहित विभिन विभागों के अधिकारी एवं बैंकर उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!