अजमेर, 12 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केन्द्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के का शुभारम्भ शुक्रवार को राजकीय संग्रहालय, नया बाजार में किया गया।
प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्री जीतमल प्रजापत, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष श्री रमेश सोनी तथा भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अरविन्द गिरधर शर्मा द्वारा फीता काटकर किया गया।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि प्रदर्शनी में आधारभूत संरचना विकास, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा, युवाओं के लिए अवसर, सामाजिक सुरक्षा एवं गरीब कल्याण से संबंधित योजनाओं तथा उपलब्धियों को आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण स्वरूप में प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्र निर्माण की दिशा में हुए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता एवं जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के उत्थान को प्राथमिकता देते हुए अनेक जनहितकारी योजनाएं लागू की हैं। इनका लाभ देश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया एवं स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
जिलाध्यक्ष श्री जीतमल प्रजापत ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के चलते आज भारत विश्व में बड़ी शक्ति के रूप में उभरा है, दुनिया में देश का मान-सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी आमजन को योजनाओं एवं सरकारी उपलब्धियों से अवगत कराने का प्रभावी माध्यम है।
शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रति समर्पण के प्रतीक हैं। सरकार ने पारदर्शी शासन व्यवस्था और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से देश के विकास को नई गति प्रदान की है। आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अरविन्द शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया गया है।
यह प्रदर्शनी 14 जून तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। विशेष रूप से प्रदर्शनी देखने आने वाले नागरिकों के लिए संग्रहालय प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है। आयोजनकर्ताओं ने अधिक से अधिक नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकार की विकास यात्रा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया है।
इस अवसर पर सहायक कलक्टर श्री अर्णव आनन्द गुप्ता, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेन्द्र कुमार मीणा, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के उपनिदेशक श्री भानु प्रताप सिंह गुर्जर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्स्ना रंगा, जिला मीडिया संयोजक श्री विक्रम सिंह, जिला महामंत्री (देहात) श्री अर्जुन नलिया, जिला उपाध्यक्ष श्री सतीश बंसल, श्री विजय सिंह टाक, श्री राजू साहू, श्री सुभाष जाटव, श्री रजनीकांत बिजावत, श्री कपिल व्यास, श्री यश मताई, श्री सर्वेश बजाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।