बारिश से पूर्व नालों की सफाई, पेचवर्क और मरम्मत का काम पूरा हो- देवनानी

विधानसभा अध्यक्ष ने ली एडीए, नगर निगम व पीडब्ल्यूडी की बैठक

जिला कलक्टर एवं आयुक्त भी रहे उपस्थित

माकड़वाली रोड़ पर मरम्मत होगी, एडीए को सौंपी जाएगी सड़क

शहर की सफाई, जलभराव का समाधान एवं अन्य मुद्दों पर हुई चर्चा

अजमेर, 15 जून। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने निर्देश दिए हैं कि आगामी दिनों में बारिश से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। नगर निगम बारिश से पूर्व नालों की शत-प्रतिशत सफाई करवा ले ताकि पानी की निकासी में अवरोध नहीं आए। निगम, एडीए और पीडब्ल्यूडी सड़कों के गड्ढे भरने, मरम्मत और पेचवर्क के काम आगामी 15 दिनों में पूरा कर ले। माकड़वाली रोड़ पर मरम्मत से संबंधित कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग शीघ्र करवा कर एडीए को सड़क सौंपेगा। जल भराव में बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पम्प तैयार रखे जाए।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सोमवार को सर्किट हाउस में अजमेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, सार्वजनिक निर्माण विभाग से संबंधित कामकाज एवं बारिश से पूर्व की जाने वाली तैयारियों की समीक्षा की। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु एवं आयुक्त श्रीमती नित्या के. भी बैठक में उपस्थित रहें। बैठक में श्री देवनानी ने कहा कि आगामी कुछ दिनों में मानसून सक्रिय हो जाएगा। सभी संबंधित विभाग अपनी तैयारी पूरी कर लें। मानसून से पूर्व नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए। नगर निगम शत-प्रतिशत नालों की सफाई करवाएं। निगम, एडीए और पीडब्ल्यूडी समन्वय स्थापित कर सड़कों की मरम्मत, पेचवर्क और अन्य कार्य करवाएं। बारिश ज्यादा होने पर कुछ क्षेत्रों में जलभराव से बचाव के लिए आवश्यक मात्रा में बड़े पम्प व मड पम्प तैनात रखे जाएं।

बैठक में माकड़वाली रोड़ पर सुधार के लिए चर्चा की गई। सार्वजनिक निर्माण विभाग क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करवा कर शीघ्र एडीए को हैंडओवर करेगा। इसे बाद सड़क की देखरेख का जिम्मा एडीए संभालेगा। इसी तरह अन्य सड़कों के हैंडओवर व देखरेख पर भी चर्चा की गई।

बैठक में श्री देवनानी ने अजमेर शहर में जल भराव से मुक्ति के लिए 150 करोड़ रूपए के डे्रनेज प्लान पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों को शीघ्र तैयार किया जाए। इसी तरह डी-सिल्टिंग के विषय पर भी सिंचाई विभाग को त्वरित गति से काम करने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए कि पुष्कर घाटी में भारी वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए हाइट बैरियर जल्द लगाने के निर्देश दिए गए। जयपुर रोड़ पर अजमेर प्रवेश द्वारा के पास जल भराव की समस्या के समाधान के लिए एडीए आवश्यक इंतजाम करेगा। विवेकानन्द पार्क में आध्यात्मिक केन्द्र की स्थापना के लिए कार्य में गति लाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में श्री देवननी ने नगर निगम गौशाला प्रबंधन, सरकारी भूमि में अतिक्रमण हटाने, विधायक कोष के कार्य, तारागढ़उ विकास सहित अन्य विषयों पर चर्चा की। बैठक में जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर काम करें। बारिश के दिनों में अलर्ट मोड पर रह कर काम करें। आमजन को शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का अधिक लाभ प्रदान करें।

बैठक में एडीए सचिव श्री अनिल पूनिया, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री अशोक तंवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!