7 जिलों के 3 हजार 75 करोड़ के 668 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण
नशामुक्त राजस्थान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, नई किरणः नशा मुक्ति केन्द्र पोर्टल, प्रतिभा पोर्टल, खेल मित्र पोर्टल एवं खेलो राजस्थान गेम्स पोर्टल का शुभारंभ
स्मार्ट मूल निवास प्रमाण पत्र सेवा लॉन्च, पदक विजेता खिलाड़ी हुए सम्मानित
जयपुर/अजमेर, 02 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ऊर्जावान, सामथ्र्यवान, संस्कारवान युवा असली पूंजी है। इसी अमृत पीढ़ी की ऊर्जा, कल्पनाशक्ति और प्रतिभा के दम पर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित राजस्थान का संकल्प मिलकर पूरा करना है। सरकार युवा प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने का काम कर रही है। शिक्षा से लेकर खेल, कौशल से लेकर रोजगार, युवाओं के सपनों को साकार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को भवानी निकेतन शिक्षण संस्थान परिसर में आयोजित ‘सपनों की उड़ान, युवा सशक्त युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत का संकल्प लिया है। इसी राष्ट्रीय संकल्प को राजस्थान में धरातल पर उतारने के लिए ‘नई किरण’ कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग प्रदेश और देश के निर्माण में करें तथा प्रतिभा के दम पर देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के युवाओं को 4 लाख सरकारी नौकरियां तथा 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था। अब तक कुल 1 लाख 93 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। वहीं 1 लाख 18 हजार पदों पर भत प्रक्रिया प्रक्रियाधीन है तथा लगभग सवा लाख पदों पर भर्तियों का कैलण्डर जारी किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार में पिछले पौने तीन वर्ष में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है तथा पूरी पारदर्शिता के साथ भर्तियां समय पर आयोजित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों की ओर पलायन ना करना पड़े, इसके लिए ग्राम पंचायतों में अटल ज्ञान केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। इसके जरिये ई-लाइब्रेरी और लाइब्रेरी की सुविधाओं से युवा अपने गांव में ही अध्ययन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल नौकरी लेने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले भी बनें। उन्होंने कहा कि राजस्थान में रोजगार और उद्यम के लिए व्यापक संभावनाएं हैं। प्रोसेसिंग यूनिट, कोल्ड चेन और गोदाम सहित अनेक क्षेत्रों में युवा अपना उद्यम स्थापित कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि राजस्थान में कोई भी प्रतिभाशाली युवा अवसर से वंचित ना रहे। इसी क्रम में खेल प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने के लिए प्रतिभा योजना प्रारंभ की गई है। इसके माध्यम से प्रदेश के विद्यालयों और गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी। हमारी सरकार का लक्ष्य है कि 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 70 लाख से अधिक विद्यार्थियों की प्रतिभा का आकलन किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने राजस्थान के विकास को नई गति दी है। राम जल सेतु लिंक परियोजना पर काम आगे बढ़ रहा है। इस परियोजना से प्रदेश के 17 जिलों की करीब 3 करोड़ आबादी को पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी। इसी तरह शेखावाटी क्षेत्र के तीन दशक पुराने इंतजार को समाप्त करते हुए यमुना जल समझौता किया गया है। करीब 34 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना से शेखावाटी क्षेत्र में यमुना का पानी पहुंचेगा और प्रदेश की करीब 75 लाख आबादी को इसका लाभ मिलेगा। इसके तहत 800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रातिक जलाशय का शिलान्यास भी किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में तीन गुना से लेकर 28 गुना तक प्रगति दर्ज की है। उन्होंने बताया कि राजस्थान देश में 27 योजनाओं में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर है। प्रदेश में पहली बार 10 लाख सदस्य सहकारिता से जोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन विभागों को पहले घाटे वाला माना जाता था, राज्य सरकार ने उनमें सुधार की दिशा में काम किया है। उन्होंने कहा कि बिजली, रोडवेज और डेयरी आज मुनाफे में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 10 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों के तथा 327 स्वीत अटल प्रगति पथों में से 282 पथों के कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इसी तरह 76 लाख से अधिक किसानों को 14 हजार 400 करोड़ रुपये की किसान सम्मान निधि दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध करवाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 लाख 82 हजार आवासों का निर्माण किया जा चुका है, जबकि 4 लाख 53 हजार आवास निर्माणाधीन हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ़द्वारा निर्मित नशामुक्त युवा मानव श्रृंखला का अवलोकन किया और युवाओं को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित किया।
शिलान्यास-लोकार्पण-शुभारंभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बारां, बूंदी, झालावाड़ एवं कोटा जिलों के 3 हजार 75 करोड़ के 668 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने स्मार्ट मूल निवास प्रमाण पत्र सेवा के साथ-साथ नशा मुक्त राजस्थान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, नई किरणः नशा मुक्ति केन्द्र पोर्टल, प्रतिभा पोर्टल, खेल मित्र पोर्टल एवं खेलो राजस्थान गेम्स पोर्टल का शुभारंभ किया।
युवाओं से संवाद और सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव और सुझाव साझा किये। साथ ही, युवा कल्याण की योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। इस अवसर पर प्रदेशभर में 4 हजार 91 नवनियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समारोह के प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीत कर प्रदेश की गौरव बढ़ाने वाले अनंतजीत सिंह नरूका को 60 लाख रुपये एवं कुशाग्र सिंह राजावत को एक करोड़ रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, खेल एवं युवा मामलात मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, खेल एवं युवा मामलात राज्य मंत्री के. के. विश्नोई, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
सपनों की उड़ान’ सशक्त युवा संवाद का अजमेर में हुआ सीधा प्रसारण
नवचयनित युवाओं को वितरित किए गए स्वागत नियुक्ति किट
विकसित भारत जनसेवा अभियान के तहत ‘सपनों की उड़ान’ सशक्त युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में जयपुर में किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुक्रवार को अजमेर के जवाहर रंगमंच पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में सीधा प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वन्दना खोरवाल सहित अधिकारी एवं सरकारी सेवाओं में नवचयनित युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिले के सरकारी सेवाओं में नवचयनित युवाओं को नियुक्ति किट वितरित कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित नवनियुक्त कार्मिकों एवं युवाओं ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा तथा युवा एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का प्रेरणादायी उद्बोधन सुना और संवाद कार्यक्रम देखा। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।