सीओएआई की वार्षिक आम बैठक 2026 संपन्न, वर्ष 2026-27 के लिए नेतृत्व की घोषणा

नई दिल्ली, जून, 2026- भारत डिजिटल संचार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले शीर्ष उद्योग निकाय सीओएआई ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अपनी वार्षिक आम बैठक सफलतापूर्वक संपन्न की। इस बैठक में इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की समीक्षा, उभरती प्राथमिकताओं पर चर्चा करने और भारत के डिजिटल संचार पारितंत्र को मजबूत करने की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा के लिए सीओएआई के सदस्य एकत्रित हुए।

इस बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए सीओएआई नेतृत्व की भी घोषणा की गई। भारती एयरटेल लिमिटेड के मुख्य नियामकीय अधिकारी और निदेशक (कंपनी मामले) श्री राहुल वत्स सीओएआई के चेयरपर्सन होंगे, जबकि रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के मुख्य नियामकीय अधिकारी डाक्टर रवि पी. गांधी वाइस चेयरमैन के तौर पर सेवाएं देंगे।

श्री राहुल वत्स दूरसंचार उद्योग के दिग्गज हैं जिन्हें दूरसंचार एवं प्रसारण लाइसेंसिंग, आर्थिक नियमन, स्पेक्ट्रम प्रबंधन और नियामकीय मुकदमों का 29 वर्षों का अनुभव है। भारती एयरटेल के मुख्य नियामकीय अधिकारी के तौर पर वह कंपनी के सरकारी संबंधों, मोबिलिटी, ब्रॉडबैंड, डीटीएच, डेटा सेंटर्स, सबमैरिन केबल्स, अंतरराष्ट्रीय अनुषंगियों और डिजिटल कारोबारों में नीति एवं नियामकीय कार्यों का नेतृत्व करते हैं। वह जीएसएमए के स्पेक्ट्रम पॉलिसी वर्किंग ग्रुप की भी अध्यक्षता करते हैं और जीएसएमए के ग्लोबल पॉलिसी ग्रुप एवं स्पेक्ट्रम स्ट्रैटेजी एंड मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य हैं।

डाक्टर रवि पी. गांधी एक प्रतिष्ठित दूरसंचार पेशेवर हैं जिन्हें लोक नीति, दूरसंचार नियमन और नेटवर्क परिचालन में तीन दशकों से भी अधिक का अनुभव है। इससे पूर्व उन्होंने भारती एयरटेल लिमिटेड में मुख्य नियामकीय अधिकारी के तौर पर सेवाएं दी हैं और साथ ही इंडियन टेलीकॉम सर्विसेज़ के अधिकारी के तौर पर भारत सरकार के दूरसंचार विभाग में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञता और रणनीतिक दूरदर्शिता के बेहतरीन मेल का उदाहरण पेश करते हुए नवप्रवर्तन एवं सार्थक सामाजिक प्रभाव को गति दी है। डाक्टर गांधी आईआईटी दिल्ली से पीएचडी और एनआईटी कुरुक्षेत्र से बी.टेक हैं।

इस अवसर पर, सीओएआई के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डाक्टर एसपी कोचर ने कहा, “भारत का दूरसंचार क्षेत्र परिवर्तन के एक महत्वपूर्ण चऱण में है जहां डिजिटल संचार इंफ्रास्ट्रक्चर इस देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था की नीव के तौर पर काम कर रहा है। एआई, 5जी एडवांस्ड, सैटेलाइट संचार और भावी 6जी प्रणालियों के उभरने के साथ यह क्षेत्र नवप्रवर्तन, समावेशन और आर्थिक वृद्धि को सुगम बनाने में अधिक महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। सीओएआई नए नेतृत्व का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई देता है और इसका विश्वास है कि हम विश्वसनीय संचार, निवेश अनुकूल नीतिगत रूपरेखा और सुरक्षित, लचीला एवं भविष्य के लिए तैयार डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को सपोर्ट करने के लिए सरकार, नियामकों और उद्योग के भागीदारों के साथ काम करना जारी रखेंगे।”

सीओएआई जबरदस्त एवं लचीले संचार ढांचे के बल पर वैश्विक रूप से प्रतिस्पर्धी डिजिटल अर्थव्यवस्था बनने के भारत के विजन में सहयोग करने के लिए रचनात्मक नीतिगत सहयोग एवं उद्योग के साथ गठबंधन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!