अजमेर, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को प्रातः पुलिस लाईन ग्राउण्ड में उत्साहपूर्वक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, आयुर्वेद विभाग व अन्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं महाविद्यालयो-विद्यालयों मे अध्यन्नरत छात्र-छात्राएं एवं आम जन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधान सभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी एवं केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी, जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री अभिषेक गोयल एवं आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. हनुमान मीना द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिए गए उद्बोधन का सीधा प्रसारण (टेलीकास्ट) भी दिखाया गया। इसमें उन्होंने योग को स्वस्थ जीवन एवं वैश्विक एकता का सशक्त माध्यम बताते हुए सभी से इसे दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि योग व्यायाम से आगे बढ़कर शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा को समन्वित करने का साधन है। आधुनिक विज्ञान भी इसे अपनाने की सलाह देता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में परिवर्तन करना चाहिए। वर्तमान जीवन शैली बीमारियों को आमंत्रित करती है। ऎसे में नियमित योग को अपनाकर व्यक्ति स्वस्थ रह सकता है। योग से सभी बीमारियों का समाधान है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के द्वारा योग को विश्व व्यापी बनाने का कार्य किया गया है। योग अभ्यास एक दिन का कार्यक्रम नहीं है। इसे जीवन का अंग बनाएं। योग अपना कर व्यक्ति स्वस्थ रहेगा। इससे विकसित भारत 2047 की भूमिका तैयार होगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि पहला सुख निरोगी काया है। व्यक्ति का स्वस्थ रहना ही सबसे बड़ा सुख है। भारतीय संस्कृति में योग को विशेष स्थान दिया गया है। योग के माध्यम से ऋषियों ने लंबी आयु प्राप्त की थी। आधुनिक जीवन शैली में योग अपनाने की बड़ी आवश्यकता है। योग स्वयं से जुड़ने तथा पहचान करने का मार्ग है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को योग अपनाना चाहिए।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि आयुर्वेद और आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध तथा होम्योपैथी (आयुष) विभाग को अन्तराष्ट्रीय योग दिवस आयोजन के लिए नोडल बनाए गए हैं। अजमेर का जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थानीय पुलिस लाईन मैदान में हुआ। इसमें योगा फॉर हेल्दी एजिंग की थीम पर सामूहिक योग किया गया। योग गतिविधि का संयोजन भारत स्वाभिमान न्यास एवं पतंजलि योग समिति के द्वारा किया गया था। योगाचार्य श्री यतीन्द्र शास्त्री के निर्देशन में योग किया गया। इनका सहयोग श्री लक्ष्मण सिंह चौहान, श्री पप्पू राम चोयल, श्री हीरालाल चौधरी तथा श्री नीरज चौधरी ने किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ महर्षि पतंजलि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके साथ उपखण्ड, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग कार्यक्रमों का आयोजन किया।
उन्होंने बताया कि शिथिलीकरण के अभ्यास में ग्रीवा चालन, स्कन्ध चालन, कटि चालन एवं जानु (घुटना) चालन की क्रियाएं करवाई गई। खड़े होकर किए जाने वाले व्यायाम ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अद्र्धचक्रासन एवं त्रिकोणसन का अभ्यास हुआ। कार्यक्रम में बैठकर करने वाले भद्रासन, व्रजासन, अर्धउष्ट्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूकासन तथा वक्रासन से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। पेट के बल लेटकर मकरासन, भुजंगासन तथा शलभासन करवाए गए। इसी प्रकार पीठ के बल लेटने के उपरान्त सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्धहलासन, पवनमुक्तासन, शवासन आदि करवाकर नियमित योगाभ्यास का संकल्प दिया। प्राणायाम सत्र के अन्तर्गत कपालभाति, नाड़ी शोधन, शीतली, भ्रामरी का अभ्यास करवाया। समाधि मुद्रा में ध्यान भी हुआ। विश्व में शांति जगेगी योग से गीत का गायन हुआ।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि योग दिवस के कार्यक्रम जिले भर में आयोजित हुए। 12वां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाईन मैदान पर आयोजित हुआ। इसके समानांतर विश्व योग दिवस के उपलक्ष में वरुण सागर पर प्रशासन और श्री रामचंद्र मिशन हार्टफुनेस संस्थान द्वारा ध्यान योग करवाया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त महानिदेशक पंजीयन और राजस्व विभाग श्रीमती मेघना चौधरी के द्वारा योग किया गया। इनके साथ उपायुक्त नगर निगम श्री श्रवण सिंह, श्री सुरेंद्र कुमार, तहसीलदार श्री ओम प्रकाश शर्मा तथा आयुर्वेदिक विभाग के प्रभारी अधिकारी डॉ. मनोज कुमार महावर और सीआरपीएफ के जवानों, विभिन्न सरकारी तथा गैर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों तथा आमजन सहित लगभग 800 व्यक्तियों ने इस कार्यक्रम में भाग लेकर सफल बनाया।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी श्रीमती पदमा देवी ने समस्त प्रतिभागियों को मतदान की शपथ दिलाई। योग भी वोट भी की थीम पर जिले भर में योग के साथ मतदान की शपथ दिलाई गई। इसके साथ-साथ मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने वाले गीत भी सुनाए गए। श्रीमती मेघना चौधरी अतिरिक्त महानिदेशक पंजीयन और राजस्व विभाग ने निर्वाचन की शपथ दिलवाई। नगर निगम की श्रीमती बबीता सिंह ने स्वच्छता अभियान के तहत जागरूक किया ।
आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. हनुमान मीना ने बताया कि भारत स्वाभीमान योग एवं पंतजलि पीठ के योगाचार्य श्री यतेन्द्र शास्त्री ने योग दिवस के योग प्रोटोकॉल के अनुरूप विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। इसी प्रकार बारादरी आनासागर पर डॉ. लारा शर्मा व एम.डी.एस यूनीर्वसिटी टीम एवं वरूण सागर में हार्टफूलनेस संस्था द्वारा योगाअभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं ऊर्जा के साथ भाग लिया, जिससे पूरे योग स्थला में सकारात्मक वातावरण का संचार हुआ। अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अजमेर स्थित योग स्थल व निजी योग सस्थानो पर लगभग 4000 जन मानस ने भाग लिया।
इस अवसर पर श्री मिथिलेश गौतम, जिला अध्यक्ष रमेश सोनी, देहात अध्यक्ष श्री जीतमल प्रजापत, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सरिता गैना उपस्थित रहे।