प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से विश्व ने भारतीय योग की शक्ति को स्वीकार किया
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस महोत्सव में एक हजार से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
एक माह के योग साधकों का हुआ सम्मान
अजमेर, 21 जून। अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र एवं विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी राजस्थान प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस महोत्सव का भव्य आयोजन रविवार को 9 नंबर पेट्रोल पंप स्थित टोरंटो पैलेस में उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभावना के वातावरण में सम्पन्न हुआ। एक माह से संचालित योग साधना अभियान के समापन अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में एक हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ भारत-समर्थ भारत के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्री लोक बंधु द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह के अध्यक्षता जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में आर्यभट्ट समूह के निदेशक डॉ. अमित शास्त्री उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संरक्षण एवं संपूर्ण मार्गदर्शन अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने किया
विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, राजस्थान प्रांत के प्रांत कार्य पद्धति प्रमुख डॉ. स्वतंत्र कुमार शर्मा ने योग, प्राणायाम एवं विभिन्न आसनों का अभ्यास करवाते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है तथा समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि विवेकानंद केंद्र कागज के प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि ऎसे जीवंत प्रमाणपत्र तैयार करता है, जिनका जीवन स्वयं समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. अनिल सामरिया ने कहा कि निरोगी काया ही जीवन का सबसे बड़ा सुख है और योग स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि योग एवं प्राणायाम से मधुमेह, मोटापा, उच्च रक्तचाप एवं अन्य जीवनशैली जनित रोगों से बचाव संभव है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अमित शास्त्री ने कहा कि विकसित भारत का स्वप्न तभी साकार होगा जब समाज स्वस्थ होगा। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का निवास होता है और स्वस्थ मन ही श्रेष्ठ राष्ट्र निर्माण का आधार बनता है। उन्होंने योग को घर-घर तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज संपूर्ण विश्व भारतीय योग परंपरा की शक्ति को स्वीकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि समभाव, आत्मानुशासन एवं कर्मकुशलता का जीवन दर्शन है। श्रीमती भदेल ने श्रीमद्भगवद्गीता के ‘समत्वं योग उच्यते’ एवं ‘योगः कर्मसु कौशलम्’ का उल्लेख करते हुए योग को भारतीय संस्ति की अमूल्य धरोहर बताया।
उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा, सनातन संस्कृति और महर्षि पतंजलि के योग दर्शन के महासागर की एक बूंद भी यदि जीवन में उतार ली जाए तो मानव जीवन धन्य और सार्थक हो सकता है। योग व्यक्ति को संतुलित मन, स्वस्थ शरीर और राष्ट्रहित में समर्पित कर्म की प्रेरणा देता है।
’योग साधकों का हुआ सम्मान’
कार्यक्रम में विगत एक माह से नियमित योगाभ्यास करने वाले साधकों में प्रेरणा योगी सम्मान प्रताप सिंह अग्रे को, योगदूत सम्मान निराली अरोड़ा एवं तनु कुशवाहा को, शक्ति योगिनी सम्मान सीमा गोस्वामी को, अनुशासन योगी सम्मान गीता टांक, विनोद शर्मा, मीता सिंह को, युवा योग प्रेरक सम्मान जितेन्द्र गहलोत, कर्मयोगी सम्मान मोहन लालवानी एवं रविन्द्र सिंह जादौन को, स्वास्थ्य साधक सम्मान गणपत सिंह को एवं योग गौरव शिक्षक सम्मान नगर प्रमुख अंकुर प्रजापति को दिया गया। बाल योगी सम्मान छोटे बालक कृष्णा को दिया गया। साधकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से उनके स्वास्थ्य, दिनचर्या और मानसिक संतुलन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। विधायक अनिता भदेल द्वारा सभी उपस्थित महिला एवं पुरुषों को इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। मंच स’्चालन हेमंत सांखला ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु यातायात व्यवस्था के लिए गौरव टांक, पदवेश व्यवस्था हेतु सीताराम शेरा, साधकों की बैठक व्यवस्था हेतु आर्य मंडल अध्यक्ष भवानी सिंह जैदिया एवं उनकी सम्पूर्ण टीम, कार्यक्रम की फोटोग्राफी और विडियो ग्राफी हेतु भरत कुमार और उनकी टीम का भी सम्मान किया गया। साथ ही पेयजल वितरण के साथ ही अन्य साधन उपलब्ध कराने हेतु हेमराज चंडालिया एवं हेमेन्द्र जैन का विशेष अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर टोरेन्टो पैलेस निशुल्क उपलब्ध कराने वाले भंवर चौधरी को भी सम्मानित किया गया। सम्पूर्ण कार्यक्रम की मंच, टेंट, माइक इत्यादि के लिए रविन्द्र सिंह जादौन, हेमंत सांखला, हितेश डाबरिया, संदीप माखीजानी, रोमेश मिश्रा आदि का अभिनन्दन किया गया।
योग जागरण का लिया संकल्प
उपस्थित साधकों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प लिया। इस अवसर पर घोषणा की गई कि टोरंटो पैलेस परिसर में प्रतिदिन प्रातः 5.30 बजे नियमित योग वर्ग पूर्ववत संचालित रहेगा तथा सभी नागरिकों का उसमें स्वागत है।