अजमेर, 21 जून। जिला रसद अधिकारी श्री नीरज जैन द्वारा रविवार को थाना नसीराबाद सदर की सूचना पर मय प्रवर्तन दल के नसीराबाद तहसील के ग्राम झड़वासा के निकट नेशनल हाईवे-48 स्थित होटल हरिओम के पास अवैध गैस रिफिलिंग के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई।
जिला रसद अधिकारी श्री नरीज जैन ने बताया कि झड़वासा के निकट नेशनल हाईवे-48 स्थित होटल हरिओम के पास मौके पर 19-19 टन क्षमता के दो टैंकरों से व्यावसायिक गैस सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरी जा रही थी। ये दोनों टैंकर उत्तर प्रदेश के मथुरा रिफाइनरी से गुजरात के बड़ौदा बॉटलिंग प्लांट जा रहे थे। इन टैंकरों में प्रोपिलीन गैस भरी हुई थी, जिसे नोजल की सहायता से व्यावसायिक गैस सिलेंडरों में अवैध रूप से भरा जा रहा था।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके से पांच व्यक्तियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि प्रोपिलीन गैस अत्यधिक ज्वलनशील होती है, जिसे अवैध रूप से व्यावसायिक सिलेंडरों में भरकर होटल, ढाबों एवं अन्य स्थानों पर सप्लाई किया जा रहा था, जिससे गंभीर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
जिला रसद अधिकारी श्री नीरज जैन ने बताया कि विभाग द्वारा इस प्रकार की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पूर्व 31 मई को केसरपुरा के निकट काके दी हट्टी होटल पर भी इसी प्रकार प्रोपिलीन गैस को व्यावसायिक सिलेंडरों में अवैध रूप से भरने के मामले में कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले ऎसे अवैध कारोबारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
प्रवर्तन दल में प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती रेणुका चतुर्वेदी, प्रवर्तन निरीक्षक श्री अतुल बढ़ाया तथा कार्यालय सहायक श्री प्रकाश देवनानी सम्मिलित रहे।