अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अजमेर अभियन्ता संस्थान का तीन दिवसीय योग कार्यक्रम संपन्न

80 से अधिक अभियन्ता सदस्यों एवं परिवारजनों ने किया योगाभ्यास

     अजमेर, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अजमेर अभियन्ता संस्थान द्वारा अभियन्ता भवन में आयोजित तीन दिवसीय योग कार्यक्रम रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संस्थान के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को स्वस्थ जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।

     संस्थान के अध्यक्ष श्री अशोक रंगनानी ने बताया कि कार्यक्रम के अंतिम दिवस पर लगभग 80 अभियन्ता सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने सहभागिता की। योग विज्ञान में पीएचडी प्राप्त डॉ. राधा शर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया। उन्होंने योग को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का प्रभावी माध्यम बताते हुए सभी से इसे नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

     संस्थान के सचिव श्री संदीप सोमानी ने बताया कि अभियन्ता भवन में पहली बार आयोजित यह तीन दिवसीय योग कार्यक्रम हार्टफुलनेस संस्था के सहयोग से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में हार्टफुलनेस के योग प्रशिक्षकों डॉ. राधा शर्मा, श्री नितेंद्र उपाध्याय, श्री नेमीचंद तंबोली एवं श्री अंकुर तिलक का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रशिक्षकों ने योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक पक्षों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

     कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में श्री एस.पी. जैन, श्री महेश उपाध्याय एवं श्री उमेश काबरा का विशेष सहयोग रहा। संस्थान के संरक्षक श्री हेमंत रावत ने पूरे कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

     तीनों दिनों तक प्रतिभागियों के लिए पौष्टिक अल्पाहार की व्यवस्था श्री हेमंत रावत, श्रीमती राजकुमारी सोमानी, श्री योगेश माहेश्वरी, श्री मुकेश कुमार तथा अल्ट्राटेक सीमेंट के सहयोग से की गई। समापन अवसर पर श्री लितेश कुमार द्वारा मिश्री से निर्मित आंवला मुरब्बा एवं आंवला कैंडी का वितरण किया गया।

     कार्यक्रम में श्री राजीव तोषनीवाल, श्री अरविंद अजमेरा, श्री अशोक गुप्ता, श्री प्रहलाद पारिक, श्री वी.पी. सिंह, श्री सी.एस. माथुर, श्री एन.के. टांक, श्री विजय पाल सहित अनेक अभियन्ता सदस्य एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

     अंत में संस्थान के उपाध्यक्ष श्री महेश उपाध्याय ने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी सदस्यों, परिवारजनों, योग प्रशिक्षकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है और ऎसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

error: Content is protected !!