प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना : बकाया भुगतान करना करें सुनिश्चित – जिला कलक्टर

अजमेर, 7 जुलाई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के मुआवजे की बकाया राशि शेष किसानों को मिलना सुनिश्चित करने के लिए जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने मंगलवार को कृषि बीमा कम्पनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक लेकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से मिलने वाला भुगतान किसानों का अधिकार है। मुआवजा मिलने में आने वाली समस्याओं का समाधान तत्काल किया जाना चाहिए। इसके लिए समस्त डाटा त्रुटिरहित कर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। राजस्व तथा कृषि विभाग आपसी समन्वय के साथ डाटा अपलोड करेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 का मुआवजा अधिकतर किसानों को मिल चुका है। शेष रहे किसानों को भी मुआवजा मिलना चाहिए। इसके लिए आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जानी चाहिए। इन किसानों को मुआवजा नहीं मिलने के कारणों की जांच कर प्रकरणों को निस्तारित करें। इसके लिए 15 जुलाई की समय सीमा तय की गई है। किसी किसान के खाता संख्या सही नहीं होने पर आधार से जुड़े अन्य बैंक खाते का उपयोग करने का प्रयास करें। मुआवजे से शेष रहे किसानों की सूची राजस्व ग्राम के अनुसार जिला प्रशासन को उपलब्ध करवाई जाए। इससे तकनीकी कारणों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। काश्तकार भी अपने स्तर पर खाता संख्या अपडेट कर सकते है।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वन्दना खोरवाल, कृषि विभाग की संयुक्त निदेशक श्रीमती उषा चितारा एवं श्रीमती अनुप्ररेणा यादव, कृषि बीमा कम्पनियों के उप प्रबन्धक श्री हरगोविन्द सिंह एवं इसरार मोहम्मद सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!