गुरूवार को भी मिलेगी जन-जन को राहत
अजमेर, 15 जुलाई। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान और विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान करने के लिए गुरूवार 16 जुलाई को भी ग्रामीण एवं शहरी शिविरों के माध्यम से राहत प्रदान की जाएगी।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सोमवार से शुक्रवार तक ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरूवार 16 जुलाई को उपखण्ड क्षेत्र भिनाय की भिनाय, किशनगढ़ की सिलोरा एवं टीकावडा, पुष्कर की तिलोरा तथा सरवाड़ की स्यार ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार नगरीय निकायों में शहरी सेवा शिविरों का आयोजन वार्डवार किया जाएगा।
सफलता की कहानी-1
वर्षों से लंबित भूमि विभाजन का हुआ मौके पर समाधान
राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 ग्राम पंचायत कल्याणपुरा, सरवाड़ के किसानों अशोक पुत्र नाथु, देवनारायण पुत्र लक्ष्मण, मुलचन्द पुत्र नाथु एवं माया पुत्री नाथु के लिए बड़ी राहत लेकर आया। वर्षों से लंबित भूमि विभाजन की समस्या का शिविर में ही त्वरित समाधान कर उन्हें तत्काल लाभान्वित किया गया।
प्रार्थी लंबे समय से अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले ग्रामीण सेवा शिविर का इंतजार कर रहे थे। शिविर के दौरान उन्होंने अपनी खातेदारी भूमि के विभाजन के लिए तहसीलदार श्री शिवराम मीणा के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया और अपनी समस्या से अवगत कराया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार श्री शिवराम मीणा ने तत्काल मौके पर ही भू-अभिलेख निरीक्षक श्री अमित कुमार एवं पटवारी श्री अरूण कुमार को आवश्यक जांच कर विभाजन संबंधी दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए।
राजस्व टीम ने तत्परता से अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार विभाजन की कार्यवाही पूर्ण की तथा प्रकरण को उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मौके पर ही भूमि विभाजन का आदेश पारित कर दोनों प्रार्थियों को लाभान्वित किया गया। उन्होंने राजस्थान सरकार, मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा, शिविर प्रभारी, तहसीलदार एवं राजस्व टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि ग्रामीण सेवा शिविर नहीं होता, तो हमें अपनी समस्या के समाधान के लिए लंबे समय तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते। हमारी वर्षों पुरानी समस्या का मौके पर ही समाधान हो गया।
सफलता की कहानी-2
रूपनगढ़ शिविर बना खुशियों का माध्यम मुकेश और दीपिका को मौके पर ही मिला विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र
राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जब सरकारी सेवाएं सीधे आमजन के द्वार तक पहुँचती हैं, तो जटिल से जटिल समस्याओं का समाधान भी बेहद सरल हो जाता है। इसी कड़ी में अजमेर जिले की सिलोरा (किशनगढ़) पंचायत समिति के अंतर्गत ग्राम पंचायत रूपनगढ़ के अटल सेवा केन्द्र पर आयोजित विशेष शिविर एक नवदंपती के जीवन में बड़ी राहत और खुशियाँ लेकर आया।
शिविर के दौरान स्थानीय निवासी श्री मुकेश कुमार कुमावत एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती दीपिका कुमावत आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर स्थल पर पहुँचे। उन्होंने वहाँ स्थापित संबंधित विभागीय काउंटर पर अपने विवाह के पंजीकरण (मैरिज रजिस्ट्रेशन) के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
नवदंपती ने बताया कि विवाह संपन्न होने के बाद से ही वे विवाह प्रमाण पत्र बनवाने की योजना बना रहे थे। लेकिन रोजमर्रा की व्यस्तता, समय के अभाव और विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने की चिंता के कारण उनका यह काम काफी समय से लंबित चल रहा था। जब उन्हें ग्राम पंचायत रूपनगढ़ में ग्रामीण सेवा शिविर के आयोजन की जानकारी मिली, तो वे अपनी समस्या लेकर यहाँ पहुँचे।
शिविर में तैनात प्रशासनिक और पंचायती राज विभाग की टीम ने तुरंत तत्परता दिखाई। दंपती को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की सुविधा मिली, जिससे उनका पंजीकरण बेहद आसानी से और कुछ ही समय में संपन्न हो गया। इसके तुरंत बाद अधिकारियों द्वारा मौके पर ही नवदंपती को उनका विधिवत विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र ससम्मान सौंप दिया गया।
मौके पर ही प्रमाण पत्र प्राप्त होने से दंपती के चेहरे खिल उठे। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि अब इस विवाह प्रमाण पत्र के मिल जाने से उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने, बैंकिंग कार्यों, पासपोर्ट बनवाने, बीमा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने में बेहद सुगमता होगी।
दंपती ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर ने न केवल उनके समय और धन की बड़ी बचत की है, बल्कि सरकारी कार्यप्रणाली के प्रति उनके विश्वास को भी और अधिक मजबूत किया है। ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक पारदर्शी, त्वरित और सुगम सेवाएं पहुँचाने की राजस्थान सरकार की यह अनूठी पहल वास्तव में एक उत्कृष्ट और सराहनीय उदाहरण बन रही है।
सफलता की कहानी-3
नागोला शिविर में रेखा को मिला मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का संबल
पशुपालक परिवार को मिली 40 हजार रुपये की आर्थिक सुरक्षा की गारंटी
राजस्थान सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और पशुपालकों को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर-2026 काश्तकारों और पशुपालक परिवारों के लिए सुरक्षा कवच साबित हो रहे हैं। ऎसा ही एक सुखद और सफल मामला जिले की भिनाय तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत नागोला में आयोजित शिविर में देखने को मिला, जहाँ एक महिला पशुपालक को मौके पर ही पशु बीमा योजना से लाभांवित किया गया।
प्राप्त विवरण के अनुसार, ग्राम नागोला निवासी महिला पशुपालक श्रीमती रेखा (पत्नी श्री कजोड़) आज नागोला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के कैम्प में पहुँचीं। उन्होंने शिविर स्थल पर स्थापित पशुपालन विभाग के काउंटर पर जाकर अपनी समस्या शिविर प्रभारी सुश्री जीतू कुल्हरी (उपखण्ड अधिकारी, भिनाय) के समक्ष रखी।
काश्तकार परिवार की पशुधन सुरक्षा संबंधी जरूरत को समझते हुए शिविर प्रभारी ने उन्हें राज्य सरकार की कल्याणकारी मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। योजना के फायदों को जानकर श्रीमती रेखा ने तुरंत अपने पशु का बीमा करवाने का निर्णय लिया।
विभाग के अधिकारियों द्वारा तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही आवेदन की औपचारिकताएं पूर्ण करवाई गईं और हाथोंहाथ मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पलिसी जारी कर दी गई। इस पलिसी के तहत पशुपालक को अचानक पशु की मृत्यु हो जाने की स्थिति में 40,000 रुपये का आर्थिक संबल (बीमा क्लेम) मिल सकेगा, जिससे उनकी आजीविका पूरी तरह सुरक्षित हो गई है।
बिना किसी दफ्तर की दौड़-भाग के, एक ही छत के नीचे अपने पशुधन की सुरक्षा का यह आधिकारिक बीमा दस्तावेज हाथ में पाकर लाभार्थी रेखा और उनका परिवार बेहद खुश है। प्रार्थी ने हर्ष व्यक्त करते हुए इस संवेदनशील पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री महोदय और राजस्थान सरकार का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी राज्य सरकार की सभी लोक-कल्याणकारी योजनाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेंगी और गाँव के अन्य पशुपालकों को भी मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के बारे में जागरूक कर उन्हें लाभ उठाने के लिए प्रेरित करेंगी।