*केमिस्ट्री विषय के साक्षात्कार हेतु सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी*_
अजमेर, 17 जुलाई। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 अंतर्गत केमिस्ट्री विषय के साक्षात्कार हेतु सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक श्री आशुतोष गुप्ता ने बताया कि उक्त परीक्षा अंतर्गत प्रश्न पत्र प्रथम एवं द्वितीय की परीक्षा का आयोजन 12 दिसंबर 2025 तथा प्रश्न पत्र तृतीय की परीक्षा का आयोजन 7 दिसंबर 2025 को किया गया था।
उपरोक्त अनुसार आयोजित लिखित परीक्षा के तीनों प्रश्न पत्रों की परीक्षा में उपस्थित एवं संबंधित सेवानियमानुसार न्यूनतम उत्तीर्णांक प्राप्त 180 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार हेतु अस्थाई रूप से सफल घोषित किया गया है। साक्षात्कार की तिथि के संबंध में अभ्यर्थियों को यथा समय सूचित कर दिया जाएगा।
_*8 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित*_
ओएमआर उत्तर पत्रक में 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में 5 विकल्पों में से कोई भी विकल्प नहीं भरने के कारण 8 अभ्यर्थियों को उक्त परीक्षा हेतु अयोग्य घोषित किया गया है। इन अभ्यर्थियों के रोल नम्बर पृथक से आयोग की वेबसाईट पर जारी कर दिये गए हैं ।
_*27 जुलाई तक भेजना होगा विस्तृत आवेदन पत्र*_
साक्षात्कार हेतु अस्थाई रुप से सफल घोषित किये गये अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन पत्र आयोग की वेबसाईट से डाउनलोड कर 02 प्रतियों में उसे पूर्ण रुप से भरकर मय समस्त शैक्षणिक / प्रशैक्षणिक, जाति एवं अन्य वांछित प्रमाण-पत्रों की फोटो प्रति के दिनांक 27 जुलाई 2026 तक आवश्यक रुप से आयोग कार्यालय में भिजवाना होगा । आयोग द्वारा अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच विज्ञापन की शर्तों / नियमों के अनुसार किए जाने पर पात्र पाए गए अभ्यर्थियों को ही साक्षात्कार हेतु आमंत्रित किया जाएगा।