विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निवास पर उमड़ी भीड़

तीन दिवसीय जनसुनवाई में अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

आमजन को दिलाया शीघ्र राहत का भरोसा

तबादलों में राहत एवं समस्या के समाधान पर आमजन ने किया अभिनदंन

     अजमेर, 21 जुलाई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार से मंगलवार तक संत कंवर राम कॉलोनी स्थित अपने निवास पर लगातार तीन दिनों तक जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी अपनी विभिन्न परिवेदनाओं को लेकर पहुंचे। इसके साथ ही तबादलों एवं समस्याओं में राहत मिलने पर दर्जनों लोगों और संगठनों ने श्री देवनानी का अभिनदंन किया।

     विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने प्रत्येक परिवेदना को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही दूरभाष पर संपर्क कर आवश्यक निर्देश दिए तथा समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए कहा।

     श्री देवनानी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना है तथा प्रत्येक अधिकारी संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन सुनिश्चित करे।

     तीन दिवसीय जनसुनवाई के दौरान अनेक नागरिकों ने अपने कार्यों के समाधान तथा स्थानांतरण संबंधी मामलों में सहयोग मिलने पर विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर दर्जनों लोगों ने श्री देवनानी का अभिनंदन कर उनके जनसरोकारों एवं सहज उपलब्धता की सराहना की।

     विधानसभा अध्यक्ष ने उपस्थित नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी प्रत्येक समस्या का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!