ग्रामीण सेवा शिविर-2026

सफलता की कहानी-1

खेत की तारबंदी योजना से सुरक्षित हुई फसल

किसान सूरजकरण को मिला 48 हजार रूपये का अनुदान

     राज्य सरकार द्वारा संचालित फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर-2026 किसानों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उपखण्ड एवं तहसील अरांई के ग्राम पंचायत देवपुरी में आयोजित शिविर में कृषि विभाग की पहल से एक किसान को खेत की तारबंदी योजना का लाभ मिला, जिससे उसकी फसल अब आवारा एवं अनुपयोगी पशुओं से सुरक्षित हो गई है।

     ग्राम देवपुरी निवासी श्री सूरजकरण पुत्र श्री कानाराम गुर्जर ने बताया कि उनकी फसल को अक्सर आवारा पशुओं से नुकसान होता था, जिससे आर्थिक हानि उठानी पड़ती थी। फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान कृषि विभाग के स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक एवं सहायक कृषि अधिकारी ने उन्हें खेत की तारबंदी योजना की जानकारी दी तथा इसकी उपयोगिता समझाई। इसके बाद उनका ऑनलाइन आवेदन कराया गया।

     विभाग द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर खेत की तारबंदी का कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार पूर्ण कराया गया। इसके पश्चात मौके पर भौतिक सत्यापन किया गया और योजना के अंतर्गत 48 हजार रूपये की अनुदान राशि सीधे किसान के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।

     श्री सूरजकरण ने बताया कि तारबंदी होने से उनकी फसल सुरक्षित हो गई है और अब उन्हें पशुओं से होने वाले नुकसान की चिंता नहीं रहती। उन्होंने कहा कि इस योजना से क्षेत्र के अन्य किसान भी प्रेरित होकर लाभ ले रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया तथा फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के आयोजन को किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

     ग्राम पंचायत देवपुरी में आयोजित इस फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर में उपखण्ड अधिकारी श्रीमती नीतू मीना, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं विकास अधिकारी श्री शिवदान सिंह, तहसीलदार श्रीमती नेहा कंवर, सहायक विकास अधिकारी श्री संजय तोषनीवाल, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पटवारी, गिरदावर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सफलता की कहानी-2

वर्षों पुरानी हिस्सा दुरस्ती की समस्या का हुआ त्वरित समाधान

     राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन की वर्षों से लंबित राजस्व समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। तहसील सरवाड़ की ग्राम पंचायत गोपालपुरा में आयोजित शिविर ने ग्राम श्यामपुरा निवासी श्री घीसालाल पुत्र श्री सुखराम बैरवा को वर्षों से चली आ रही हिस्सेदारी (हिस्सा दुरस्ती) की समस्या से राहत दिलाकर शासन की संवेदनशील कार्यशैली का उदाहरण प्रस्तुत किया।

     श्री घीसालाल ने शिविर में उपस्थित होकर उपखण्ड अधिकारी एवं शिविर प्रभारी श्री गजेन्द्र शर्मा के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि खाता संख्या 245 एवं 247 में वर्षों से हिस्सा दुरस्ती नहीं होने के कारण उन्हें कृषक श्रेणी प्रमाण-पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तथा अन्य राजस्व एवं शासकीय कार्यों में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

     प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए शिविर प्रभारी श्री गजेन्द्र शर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तहसीलदार श्री रमेश चन्द सोनी को आवश्यक कार्रवाई कर प्रार्थी को शीघ्र राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। निर्देशों की अनुपालना में तहसीलदार ने पटवारी श्री कृष्ण कुमार सामरिया को मौके पर जांच करने के निर्देश दिए।

     पटवारी द्वारा राजस्व अभिलेखों एवं संबंधित दस्तावेजों का गहन परीक्षण किया गया। जांच में प्रकरण सही पाए जाने पर खाता संख्या 245 एवं 247 में हिस्सा दुरस्ती की कार्यवाही शिविर स्थल पर ही पूर्ण कर राजस्व अभिलेखों में आवश्यक संशोधन दर्ज कर दिया गया।

     समस्या का त्वरित समाधान होने पर श्री घीसालाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें कृषक श्रेणी प्रमाण-पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। उन्होंने राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 को आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!