संवाद सूत्र, खड़गपुर : पूर्व मेदिनीपुर जिला शराब एवं मादक पदार्थ विरोधी समिति ने देश और राज्य में शराब तथा मादक पदार्थों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। समिति के संयोजक नारायण चंद्र नायक ने कहा कि दिल्ली में “नशामुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान” के शुभारंभ के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया, लेकिन शराब और मादक पदार्थों पर सरकारी प्रतिबंध लगाने की दिशा में कोई घोषणा नहीं की।
उन्होंने कहा कि केवल युवाओं और परिवारों को जागरूक करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। सरकार को भी राजस्व के बजाय समाजहित को प्राथमिकता देते हुए शराब और मादक पदार्थों पर सख्त नीति अपनानी चाहिए। उनका आरोप है कि एक ओर नशामुक्त समाज की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर शराब की दुकानों के लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं।
समिति का कहना है कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण महिलाओं पर अत्याचार और अन्य सामाजिक अपराध बढ़ रहे हैं। इसलिए युवाओं और समाज को सुरक्षित रखने के लिए देश और पश्चिम बंगाल में शराब एवं मादक पदार्थों पर प्रभावी प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।