अखिल भारतीय कमांडो निर्मल सिंह स्मृति राइफल शूटिंग प्रतियोगिता का हुआ भव्य आगाज
देशभर से 800 से अधिक युवा शूटर ले रहे हैं भाग
अजमेर, महाराजा दाहरसेन के 1357वीं जयंती समारोह के अंतर्गत आयोजित अखिल भारतीय प्रथम कमांडो निर्मल सिंह स्मृति राइफल शूटिंग प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से 800 युवा छात्र-छात्रा पुरुष एवं महिला शूटर भाग ले रहे हैं।
चंद्रवरदाई नगर स्थित अंबेडकर भवन में 4 से 7 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि नसीराबाद के विधायक रामस्वरूप लांबा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपनी शिक्षा के साथ-साथ खेलों से जुड़ना चाहिए, इससे एक स्वस्थ समाज का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में राज्य एवं केंद्र सरकार अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं के अंतर्गत शिक्षा एवं खेलों को एक साथ जोड़ रही है। राज्य में खेल स्कूल, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालयों की स्थापना तथा खेल मैदानों में प्रशिक्षकों एवं उपकरणों की उपलब्धता इस बात की साक्षी है। इससे पूर्व उन्होंने एयर राइफल से टारगेट पर निशाना लगाकर प्रतियोगिता का विधिवत्त शुभारंभ किया।
समारोह के अध्यक्ष राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के पूर्व सदस्य कंवल प्रकाश किशनानी ने इस अवसर पर कहा कि खेलों के माध्यम से जीवन में अनुशासनात्मक शैली जागृत होती है, जहां युवा पीढ़ी इसमें अपना कैरियर बना सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वच्छता एवं प्रदुषणमुत वातावरण अभियान का हिस्सा बनने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव हिम्मत सिंह राठौड़ के अनुसार राजस्थान सहित अन्य राज्यों से शूटर अजमेर आ रहे हैं चार दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न कैटेगरी की स्पर्धाएं आयोजित होगी। विजेताओं में प्रथम स्थान पर रहने वाले शूटर को 11000 नगद पुरस्कार के साथ-साथ स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इसी तरह द्वितीय स्थान पर रहने वाले शूटर को 7500 तथा तृतीय स्थान पर रहने वाले शूटर को 5000/- व्यक्तिगत पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। शेष सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों के लिए ठहरने की एवं भोजन की व्यवस्था आयोजन समिति की ओर से की जा रही है।
इससे पूर्व समारोह के विशिष्ट अतिथि भारतीय बास्केटबॉल टीम के पूर्व सदस्य विनीत लोहिया, भारतीय सिंधु सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार तीर्थानी, सेंट्रल एकेडमी के सुधाकर कुमार, बीकानेर के वीरेंद्र सिंह देवड़ा, अमोल प्रताप सिंह का सम्मान करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किए।
प्रतियोगिता के तकनीकी अधिकारी एवं सहसंयोजक मनोज शर्मा के अनुसार इस अवसर पर प्रतियोगिता के भामाशाह पुष्पेंद्र चावला, सेंट्रल एकेडमी अजमेर धर्मराज यादव, सुधा मेहरा, शायर सिंह यादव, विनोद कुमार जादौन, विक्रम सिंह चौहान, गिरवर सिंह राजावत, मंजू मीणा, सैयद अब्दुल हसन को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के संचालन हेतु नगर निगम अजमेर, अजमेर विकास प्राधिकरण, इतिहास एवं साहित्य शोध संस्थान, पर्यटन विभाग, राजस्थान सिंधु पीठ, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय सिंधुपति महाराज दाहरसेन विकास एवं समारोह समिति अजमेर सहित राजस्थान राज्य राइफल शूटिंग संगठन तथा जिला राइफल शूंटिंग एसोसिएशन का सहयोग प्राप्त हो रहा है।
इस अवसर पर समारोह समिति के सदस्य भेरुलाल गुर्जर, रमेश एच लालवानी, मुकेश खींची, देवदत्त डाबरा, हेमलता डाबरा, महेश टेकचंदानी, गिरवर सिंह राजावत, विनोद कुमार जादौन, नटवर सिंह, वीरेंद्र मेहरिया सहित अन्य ने अतिथियों का स्वागत किया।
विनीत लोहिया
मो. 95498 60966