रक्षाबंधन पर वाटरप्रूफ राखी लिफाफों व राखी बॉक्स की विशेष सुविधा उपलब्ध
अजमेर, 5 अगस्त। भारतीय डाक विभाग द्वारा एक अगस्त से इंडिया पोस्ट पार्सल, स्पीड पोस्ट पार्सल तथा इंडिया पोस्ट पार्सल लास्ट माइल सेवाओं की नई संशोधित दरें लागू कर दी गई हैं।
प्रवर अधीक्षक डाकघर (अजमेर मण्डल) श्री देवीलाल सहारन ने जानकारी देते हुए बताया कि नई दरों के साथ-साथ ग्राहकों को प्रूफ ऑफ डिलीवरी, बीमा, कैश ऑन डिलीवरी तथा अन्य मूल्यवर्धित सेवाओं की सुगम सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने क्षेत्र के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, ई-कॉमर्स कंपनियों एवं आम नागरिकों से डाक विभाग की इन सस्ती, सुरक्षित व विश्वसनीय पार्सल सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लागू की गई इंडिया पोस्ट पार्सल (खुदरा) की नई दरों के तहत स्थानीय स्तर पर 500 ग्राम तक 28 रुपए, 1000 ग्राम तक 48 रुपए, 2000 ग्राम तक 87 रुपए तथा 5000 ग्राम तक 174 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं राज्य के अंदर इन श्रेणियों का शुल्क 500 ग्राम तक 65 रुपए, 1000 ग्राम तक 91 रुपए, 2000 ग्राम तक 160 रुपए और 5000 ग्राम तक 324 रुपए रहेगा। जोन या मेट्रो शहरों के लिए यह दरें 500 ग्राम तक 70 रुपए, 1000 ग्राम तक 106 रुपए, 2000 ग्राम तक 198 रुपए और 5000 ग्राम तक 420 रुपए होंगी। राज्य से बाहर के लिए 500 ग्राम तक 72 रुपए, 1000 ग्राम तक 114 रुपए, 2000 ग्राम तक 239 रुपए तथा 5000 ग्राम तक 515 रुपए शुल्क तय किया गया है।
उन्होंने बताया कि स्पीड पोस्ट पार्सल सेवाओं की खुदरा दरों के अंतर्गत स्थानीय डिलीवरी के लिए 500 ग्राम का शुल्क 28 रुपए, 2000 ग्राम का 87 रुपए तथा 5000 ग्राम का 174 रुपए रखा गया है। राज्य से बाहर के लिए यह दरें 500 ग्राम तक 90 रुपए, 2000 ग्राम तक 319 रुपए और 5000 ग्राम तक 686 रुपए होंगी। इसके अलावा संविदागत स्पीड पोस्ट पार्सल के तहत स्थानीय स्तर पर 500 ग्राम तक 28 रुपए, 2000 ग्राम तक 45 रुपए तथा 5000 ग्राम तक 81 रुपए शुल्क रहेगा। राज्य से बाहर भेजने पर 500 ग्राम तक 47 रुपए, 2000 ग्राम तक 190 रुपए और 5000 ग्राम तक 350 रुपए का शुल्क लागू होगा।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, भारतीय डाक विभाग द्वारा आगामी रक्षाबंधन पर्व के सुअवसर पर भाइयों तक राखियां सुरक्षित पहुँचाने के लिए अजमेर मण्डल के सभी डाकघरों में विशेष आकर्षक एवं लेमिनेटेड (वाटरप्रूफ) दो प्रकार के राखी लिफाफे तथा विशेष राखी बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं। वर्षा ऋतु के मौसम को ध्यान में रखते हुए ये वाटरप्रूफ लिफाफे तैयार किए गए हैं ताकि राखियां बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पहुंच सकें। छोटे राखी लिफाफे की कीमत मात्र 10 रुपए, बड़े लिफाफे की कीमत मात्र 15 रुपए तथा विशेष राखी बॉक्स की कीमत 30 रुपए निर्धारित की गई है।
प्रवर अधीक्षक श्री देवीलाल सहारन ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व से 15 दिन पूर्व से लेकर अधिकतम 5 राखी लिफाफे एक साथ बुक करवाने पर डाक विभाग द्वारा डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। इसके लिए लिफाफे पर स्पष्ट अक्षरों में राखी मेल लिखे जाना अनिवार्य होगा। अजमेर मण्डल के समस्त डाकघरों में इन लिफाफों को स्पीड पोस्ट से भेजने की सुविधा उपलब्ध है। राखी लिफाफों के त्वरित व समय पर वितरण के लिए विभाग द्वारा विशेष प्रेषण व्यवस्था की गई है। इससे राखियां प्राथमिकता के आधार पर बहनों के भाइयों तक समय पर पहुंच सकेगी।