भंवरलाल गोठी स्कूल के जूडो खिलाड़ियों का सम्मान, सीबीएसई वेस्ट जोन में 7 पदक हासिल

**ब्यावर।** गुजरात के वडोदरा स्थित गुजरात पब्लिक स्कूल में 1 से 4 अगस्त तक आयोजित सीबीएसई वेस्ट जोन जूडो प्रतियोगिता में भंवरलाल गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ब्यावर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 1 रजत एवं 3 कांस्य सहित कुल 7 पदक अर्जित किए।
प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय में पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
जूडो-प्रशिक्षक श्री गौतम चंद ने बताया कि अंडर-11 वर्ग में ऋत्विका भट्ट (40 किग्रा प्लस), अंडर-17 वर्ग में अंशिका गहलोत (36 किग्रा) तथा अंडर-19 वर्ग में कनक चौहान (45 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते। अंडर-19 वर्ग में प्राची सोनी (44 किग्रा) ने रजत पदक प्राप्त किया। वहीं निकुंज गहलोत (अंडर-17, 52 किग्रा), सोनाक्षी तिवारी (अंडर-19, 48 किग्रा) एवं रियंक शर्मा (अंडर-19, 66 किग्रा) ने कांस्य पदक अर्जित किए। प्रतियोगिता में टीम मैनेजर के रूप में श्रीमती यामिनी शर्मा ने सहयोग किया।
 वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ नरेन्द्र पारख ने कहा कि हमारे विद्यार्थियों ने अनुशासन, मेहनत और समर्पण के बल पर जो उपलब्धि हासिल की है, वह पूरे वर्द्धमान परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे ब्यावर और राजस्थान का मान बढ़ाने वाली है। हमें विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई ऊंचाइयों को छुएंगे।
प्रधानाचार्य श्री धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार स्वर्ण एवं रजत पदक विजेता खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन एवं समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!