सरकारी योजनाओं की बेहतर पहुंच के लिए सिविल सोसायटी की भूमिका पर मंथन

‘अधिकार हैं आधार’ राज्य स्तरीय कार्यशाला में प्रदेशभर से जुटे 70 से अधिक प्रतिनिधि
जयपुर। इब्तिदा संस्था एवं एडिलगिव फाउंडेशन के सहयोग से संचालित “अधिकार हैं आधार” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रदेशभर की 40 से अधिक सामाजिक संस्थाओं के 70 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सरकारी योजनाओं की जागरूकता बढ़ाने तथा पात्र लोगों तक योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा की।
इब्तिदा संस्था के कार्यकारी निदेशक यतेश यादव ने बताया कि संस्था पिछले 29 वर्षों से मेवात क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। वहीं पिछले एक दशक से अधिकार एवं सरकारी योजनाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “अधिकार हैं आधार” कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
कार्यशाला में गांवों से आई ग्राम अधिकार सखियों, फेडरेशन लीडर्स, महिला सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस पहल से महिलाओं की वार्ड सभा, ग्राम सभा और पंचायत बैठकों में भागीदारी बढ़ी है तथा वे अब अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति अधिक जागरूक होकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। सरपंच सीमा झिरंडिया, सरपंच राधा (भजीट) तथा वार्ड पंच लाल मोहम्मद हरसाना ने भी कार्यक्रम से आए सकारात्मक सामाजिक बदलावों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम के समन्वयक अमरदीप सैनी ने पिछले दस वर्षों की उपलब्धियां प्रस्तुत करते हुए बताया कि अधिकार सखियों के माध्यम से हजारों परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने में सफलता मिली है। महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे स्थानीय शासन व्यवस्था में प्रभावी भागीदारी निभा रही हैं।
संस्था के संस्थापक राजेश सिंघी ने प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों के साथ आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सिविल सोसायटी की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यशाला के दौरान आयोजित पैनल चर्चा में योजनाओं के क्रियान्वयन की चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से मंथन किया गया।
पैनल चर्चा में पूर्व निदेशक सीएमएफ मल्लिका श्रीवास्तव, अरावली राजस्थान के कार्यकारी निदेशक वरुण शर्मा, मंजरी फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक संजय शर्मा तथा सेक्टर एक्सपर्ट मेहर गाडेकर ने अपने सुझाव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन मंजू यादव एवं अमरदीप सैनी ने किया।
इस अवसर पर इब्तिदा संस्था के चेयरपर्सन उमेश अग्रवाल, चेतना महिला मंच की चेयरपर्सन निरमा, शकुंतला, वारिषा खान, बर्फीना, अनीता, खैमराज, सुरेन्द्र सिंह, आनंद सैनी, मुकेश राठी, जगराम चौधरी, अखलेश पाण्ड्य सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!