जैन संतों के सान्निध्य में वैश्य महासम्मेलन ने लिया संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प

मणिपुंज में चातुर्मास के दौरान आध्यात्मिक संवाद, युवाओं को प्रतिदिन माता-पिता को प्रणाम करने का कराया संकल्प

अजमेर। धर्म, अध्यात्म, सेवा और संस्कारों को समाज जीवन का आधार बनाकर कार्य कर रहे अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन अजमेर के प्रतिनिधिमंडल ने श्वेतांबर जैन समाज के चातुर्मास के अवसर पर अजमेर पधारे जैन संतों के पावन सान्निध्य में पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्री 1008 श्री सुदर्शनलाल जी म.सा. की आज्ञानुवर्तिनी श्री विनय प्रज्ञा जी म.सा. एवं श्री विधि प्रज्ञा जी म.सा. आदि ठाणा के पावन सान्निध्य में मणिपुंज, अजमेर में चल रहे चातुर्मास 2026 के दौरान वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने आध्यात्मिक चर्चा में सहभागिता की।

इस दौरान समाज के सदस्यों ने अपनी विभिन्न जिज्ञासाएं एवं प्रश्न पूज्य मारासा के समक्ष रखे। मारासा ने उनका समाधान करते हुए कहा कि गुरु और गुरु का नाम जीवन का सुरक्षा-कवच है तथा संस्कार ही व्यक्ति और समाज की वास्तविक पूंजी हैं।

चर्चा में भगवान महावीर के ‘जियो और जीने दो’ के संदेश, माता-पिता की भूमिका, उनके साथ बेहतर संवाद, मोबाइल के बढ़ते प्रभाव, परिवारों में बढ़ती संवादहीनता और प्रतिस्पर्धा के दौर में ईर्ष्या के स्थान पर अपनी प्रतिभा को निखारने जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया।

मारासा ने युवाओं को माता-पिता के प्रति कृतज्ञता का भाव रखने और प्रतिदिन माता-पिता को प्रणाम करने का नियम अपनाने के लिए प्रेरित किया। रात्रि भोजन न करने के महत्व पर भी आध्यात्मिक एवं व्यवहारिक दृष्टि से चर्चा की गई।

एसडी बाहेती का किया अभिनंदन

इसी अवसर पर मध्य राजस्थान माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष बनने पर श्री एस. डी. बाहेती का अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के प्रतिनिधिमंडल ने अभिनंदन किया। श्री बाहेती ने कहा कि वे संपूर्ण वैश्य समाज के साथ सहभागी रहकर समाज की एकता, सेवा और उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

महासम्मेलन पदाधिकारियों ने कहा कि वैश्य समाज की विभिन्न इकाइयों को साथ लेकर धर्म, अध्यात्म, सेवा और संस्कारों के क्षेत्र में सक्रिय सहभागिता बढ़ाना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। समाज की नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए ऐसे आध्यात्मिक संवाद निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर मुख्य संरक्षक कालीचरण दास खंडेलवाल, जिला प्रभारी सुभाष नवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सूरज नारायण लखोटिया, जिला अध्यक्ष रमेश तापड़िया, जिला महामंत्री उमेश गर्ग, हरीश गर्ग, आनंद जी गोयल, ओम प्रकाश जी गोटे वाले, कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश जी गोयल, राजेंद्र जी मित्तल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन जी खंडेलवाल, जगदीश जी, हिमांशु खंडेलवाल, भूपेश जैन, सुभाष खंडेलवाल नगरा, मनीष खंडेलवाल सहित महासम्मेलन के विभिन्न पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

उमेश गर्ग

जिला महामंत्री

अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, अजमेर

मो. 9829793705

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!