*अभ्यर्थियों की सुविधाओं में विस्तार और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश*
अजमेर, 10 अगस्त। राजस्थान लोक सेवा आयोग अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने सोमवार को आयोग परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कार्यालय में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। आयोग अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए।
_*अभ्यर्थियों की सुविधाओं पर विशेष जोर*_
आयोग में विभिन्न कार्यों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए आयोग अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि विभिन्न कार्यों के सिलसिले में दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को परिसर में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों के सुगमता पूर्वक बैठने के लिए समुचित और व्यवस्थित इंतजाम सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा। इसके साथ ही, आयोग के कार्मिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर स्थित कैंटीन का भी शीघ्र रिनोवेशन कर वहां बेहतर और स्वच्छ व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के निर्देश आयोग अध्यक्ष द्वारा दिए गए ।
*निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और गति बनाए रखने के निर्देश*
आयोग की कार्यप्रणाली को अधिक आधुनिक और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वर्तमान में व्यापक स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत प्रशासनिक कामकाज को अधिक सुचारू बनाने के लिए सीसीई ब्लॉक का विस्तार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, परिसर में एक नए ब्लॉक के रूप में अत्याधुनिक स्टोर गृह का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिससे आयोग के रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री का सुरक्षित व व्यवस्थित संधारण हो सकेगा।
निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए आयोग अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और संरचना की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी प्रोजेक्ट्स को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए कार्य की गति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। इसके अतिरिक्त, अधिकारियों को यह निर्देशित किया गया है कि वे इन चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करते रहें।