श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ के स्वतंत्रता दिवस समारोह में नन्हे विद्यार्थियों ने बिखेरा देशभक्ति का रंग

**ब्यावर।** श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उमंग एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में प्री-प्राइमरी से के.जी. कक्षा तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भारत माता, शहीद भगत सिंह, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सैनिक एवं किसान सहित विभिन्न देशभक्ति से जुड़ी वेशभूषाओं में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। वहीं विद्यार्थियों ने देशभक्ति की कविताओं का भावपूर्ण पाठ करते हुए देश के वीरों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. निवेदिता पाठक ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि आजादी हमें अनेक वीरों के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने देश के प्रति कर्तव्यों को समझने तथा अच्छे संस्कारों के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने नन्हे विद्यार्थियों को स्नेहपूर्ण एवं प्रेरणादायी संबोधन देते हुए कहा कि बच्चों के मन में बचपन से ही देशप्रेम, संस्कार एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा। नन्हे विद्यार्थियों की मासूमियत, आकर्षक वेशभूषा और शानदार प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को विशेष एवं यादगार बना दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!