रेल सुरक्षा बल अजमेर मंडल ने विभिन्न अभियानों के माध्यम से रेल यात्रियों को दिलाई राहत

उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मण्डल के रेल सुरक्षा बल द्वारा इस वर्ष 2026 अब तक ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते, ऑपरेशन मेरी सहेली,ऑपरेशन जीवन रक्षा,ऑपरेशन अमानत, ऑपरेशन उपलब्ध,ऑपरेशन यात्री सुरक्षा,ऑपरेशन नारकोस तथा ऑपरेशन सतर्क जैसे विभिन्न अभियान चला कर रेल यात्रियों को राहत व सुरक्षा प्रदान की है।

ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के अंतर्गत अजमेर मण्डल की आपीएफ पोस्टों द्वारा वर्ष 2026 में अब तक कुल 111 बच्चों का रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू किए गए बच्चों को सरकार द्वारा अधिकृत एनजीओ, सीडब्लूसी एवं उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया। इनमें से अधिकतर बच्चे उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड एवं छत्तीसगढ़ के थे।

ऑपरेशन मेरी सहेली के अंतर्गत महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए इस अभियान के तहत 1,20,635 महिला यात्रियों की समस्याओं का समाधान/निस्तारण किया गया। इसी प्रकार ऑपरेशन जीवन रक्षा के अंतर्गत अजमेर रेलवे स्टेशन पर 04 यात्रियों तथा आबूरोड रेलवे स्टेशन पर 01 यात्री को चलती गाड़ी में चढ़ने/गिरने से बचाकर जीवनदान दिया गया।

ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत यात्रियों का भूलवश छूटा सामान लौटाने के लिए चलाए गए इस अभियान के तहत 390 यात्रियों का छूटा सामान सुरक्षित लौटाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,17,13,634 है। इसी प्रकार ऑपरेशन उपलब्ध के अंतर्गत अवैध टिकट दलाली के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 24 मामले दर्ज कर 28 आरोपियों को रेल अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।

ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के अंतर्गत यात्री गाड़ियों व रेल परिसर में यात्रियों की सुरक्षा के तहत 66 मामलों में 68 आरोपियों को पकड़कर अग्रिम कानूनी कार्यवाही के लिए आरपीएफ/जीआरपी को सुपुर्द किया गया। ऑपरेशन नारकोस के अंतर्गत मादक पदार्थों के अवैध परिवहन के विरुद्ध 11 मामलों में 09 आरोपियों को पकड़कर 79.048 किलोग्राम मादक पदार्थ (कीमत ₹29,69,685) बरामद किया गया। इसी प्रकार ऑपरेशन सतर्क के अंतर्गत रेल द्वारा अवैध शराब परिवहन के 96 मामलों में 60 आरोपियों को पकड़कर ₹2,78,4355 मूल्य की अवैध शराब बरामद की गई।

रेल सुरक्षा बल अजमेर मंडल की इन उपलब्धियों पर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने कहा कि “रेलवे सुरक्षा बल अजमेर मंडल ने वर्ष 2026 में यात्रियों की सुरक्षा, गुमशुदा बच्चों के रेस्क्यू तथा रेल परिसरों में अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह मंडल की आरपीएफ टीम की प्रतिबद्धता और तत्परता को दर्शाता है। अजमेर मंडल अपने सभी यात्रियों को एक सुरक्षित, सहज और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर संकल्पबद्ध है।”

मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!