भोजपुरी सिनेमा के जुबली स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ, चर्चित निर्माता प्रेम राय और निर्देशक अनंजय रघुराज की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पटना से पाकिस्तान 2’ का टीजर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जारी कर दिया गया। टीजर में निरहुआ का अलग और दमदार अवतार देखने को मिल रहा है। फिल्म में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रमुखता से प्रस्तुत किए जाने की झलक दिखाई गई है।
पहली फिल्म की सफलता के बाद इसके सीक्वल को बड़े कैनवास, दमदार कहानी और भव्य प्रस्तुति के साथ तैयार किया गया है। फिल्म में निरहुआ मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ सेजल साहू, सपना चौहान, मीर सरवर, सुशील सिंह, मनोज टाइगर, संजय पांडेय, अमित शुक्ला, साहिल सिद्दीकी, विकास मेहता, भूपेंद्र सिंह, शंभू राणा और धामा वर्मा समेत कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। बड़ी और अनुभवी स्टारकास्ट के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
निरहुआ ने कहा कि ‘पटना से पाकिस्तान 2’ उनके लिए बेहद खास फिल्म है। इस फिल्म में दर्शकों को मनोरंजन के साथ देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का जज्बा भी देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी, प्रस्तुति और किरदारों को पहले भाग की तुलना में और बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फिल्म का टीजर जारी करना भी उनके लिए खास अनुभव है और उन्हें उम्मीद है कि दर्शक फिल्म को उसी तरह प्यार देंगे, जैसा पहले भाग को मिला था।
निर्माता प्रेम राय ने कहा कि ‘पटना से पाकिस्तान 2’ को पहले भाग से भी बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। फिल्म की कहानी, तकनीक, एक्शन और प्रस्तुति पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि दर्शकों को मनोरंजन के साथ देशभक्ति की भावना से जोड़ने वाला शानदार सिनेमाई अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फिल्म का टीजर जारी करना बेहद खास है और उन्हें पूरा विश्वास है कि दर्शक निरहुआ के नए अवतार और फिल्म की कहानी को पसंद करेंगे।
निर्देशक अनंजय रघुराज ने भी फिल्म को अभूतपूर्व बताया और कहा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। फिल्म से सभी को उम्मीद है और विश्वास भी है कि यह फिल्म इतिहास रचेगी। 15 अगस्त को रिलीज के बाद टीजर को मिले रिस्पॉन्स ने बता दिया है कि हमारी फिल्म का इंतजार दर्शकों को बेसब्री से है। जल्द ही हम इसका ट्रेलर भी रिलीज करेंगे।
टीजर जारी होने के बाद फिल्म को लेकर भोजपुरी सिनेमा के दर्शकों के बीच चर्चा तेज हो गई है। निर्माताओं को उम्मीद है कि देशभक्ति की भावना, मनोरंजन और दमदार कहानी से सजी यह फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी। वहीं, फिल्म की टीम ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर टीजर जारी कर दर्शकों के साथ राष्ट्रप्रेम के इस जज्बे को साझा किया है। फिल्म के पी आर ओ रंजन सिन्हा हैं।