वर्ष 1890 में स्थापित और ऐतिहासिक विरासत को समेटे हुए अजमेर का मंडल रेल अस्पताल आज आधुनिक चिकित्सा और शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। वर्तमान में 166 बिस्तरों वाला यह मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल अजमेर मंडल के 1.20 लाख से अधिक रेल लाभार्थियों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना औसतन 1,000 से 1,500 मरीज पहुंच रहे हैं।
हाल ही में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा और प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. लक्ष्मी मीणा के कुशल मार्गदर्शन तथा मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी. आर. ठाकुर के नेतृत्व में अस्पताल ने सर्जरी क्षेत्र में भारतीय रेलवे में शीर्ष स्थान प्राप्त कर एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है।
पिछले माह अजमेर मंडल रेल अस्पताल में कुल 373 सर्जरी निष्पादित की गईं (जिसमें 116 मेजर, 3 स्पेशल मेजर और 180 माइनर सर्जरीज शामिल हैं)। यह आंकड़ा भारतीय रेलवे के किसी भी मंडल अस्पताल द्वारा किया गया सर्वाधिक सर्जिकल प्रदर्शन है।
रेलवे अस्पताल के अन्य विभिन्न विभागों ने भी कई उपलब्धियां हासिल की हैं:-
वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. राजकुमार मीणा के नेतृत्व में दैनिक 130 से अधिक ओपीडी मरीजों का इलाज हो रहा है। यहाँ टोटल नी/हिप रिप्लेसमेंट, एडवांस्ड अर्थ्रोस्कोपिक एवं मिनिमली इनवेसिव स्पाइन सर्जरीज के साथ देश में पहली बार रिपोर्ट की गई ‘नैनोस्कोपिक कार्पल टनल रिलीज़ सर्जरी’ जैसी अत्याधुनिक तकनीक का सफल प्रयोग किया गया है।
डॉ. राजकुमार मीणा और डॉ. प्रिया गर्ग की संयुक्त टीम द्वारा घुटनों और कमर दर्द से पीड़ित मरीजों के लिए देश के गिने-चुने केंद्रों पर उपलब्ध ‘कूल्ड रेडियोफ्रीक्वेंसी एब्लेशन’ तकनीक से त्वरित राहत दी जा रही है।
प्रसिद्ध लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. पी. आर. ठाकुर एवं डॉ. मुकेश बागड़ी के मार्गदर्शन में रोजाना 100 ओपीडी के साथ लेप्रोस्कोपिक गॉलब्लाडर, एपेंडिक्स और हर्निया की सफल सर्जरीज की जा रही हैं।
डॉ. विकास सिंह तोमार द्वारा लेजर स्टोन रिमूवल, टीयूआरपी और पीसीएनएल जैसी अत्याधुनिक सुपर-स्पेशलिटी सेवाएं नियमित रूप से प्रदान की जा रही हैं।
डॉ. इंसाफ अली एवं डॉ. रुचि गर्ग के नेतृत्व में ऑप्टिकल बायोमीटर, स्लिट लैंप और ऑटो रिफ्रेक्टोमीटर जैसे आधुनिक उपकरणों की मदद से फेको और मोतियाबिंद का सटीक इलाज हो रहा है।
डॉ. मंगला देवी एवं डॉ. अंकिता सक्सेना द्वारा लेप्रोस्कोपिक हिस्टरेक्टॉमी और सिजेरियन डिलीवरी की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डॉ. इमरान खान द्वारा रेल कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त लाभार्थियों के लिए नियमित काउंसलिंग और तनाव प्रबंधन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
डॉ. अजीत सिंह, डॉ. प्रिया गर्ग और डॉ. अमित यादव द्वारा निरंतर स्पाइनल एपिड्यूरल, जनरल एनेस्थीसिया तथा सेंट्रल मल्टीपारा मॉनिटरिंग युक्त एडवांस्ड आईसीयू का संचालन कुशलतापूर्वक किया जा रहा है।
अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स और जनरल सर्जरी में स्नातकोत्तर डीएनबी प्रशिक्षण कार्यक्रम भी सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि और अस्पताल के निरंतर विस्तार से अब अजमेर मंडल के रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को उच्च स्तरीय इलाज के लिए अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है, बल्कि उन्हें अजमेर में ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
*मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर*