जयपुर, अगस्त, 2026- जयपुर के युवा उद्यमी अभिषेक गुप्ता ने सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय खाद्य प्रदर्शनी में अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर भारतीय खाद्य उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। एपीडा (कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण) और एनटीयूसी फेयरप्राइस की ओर से सिंगापुर के सिटी स्क्वायर मॉल में 17 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित रोडशो में प्रीमियम खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित किया गया था।
इस प्रदर्शनी में खंडेलवाल फूड इंडस्ट्रीज का प्रतिनिधित्व अभिषेक गुप्ता और शुभम खंडेलवाल ने किया। प्रदर्शनी में जैविक उत्पादों, ताजे फल एवं सब्जियों, दुग्ध उत्पादों, काजू, चावल, मिलेट आधारित उत्पादों सहित भारत के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित किया गया था। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी सिंगापुर की विदेश एवं व्यापार-उद्योग राज्य मंत्री गैन सियो हुआंग तथा अन्य गणमान्य लोगों के साथ इस एपीडा-फेयरप्राइस रोडशो का दौरा किया था। गोयल ने इस पहल को भारतीय किसानों और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्माताओं के लिए सिंगापुर, आसियान और ऑस्ट्रेलियाई बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने का अवसर बताया।
प्रदर्शनी में खंडेलवाल फूड इंडस्ट्रीज ने अपने तैयार खाद्य उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की। इनमें राजमा, छोले, दाल मखनी, दाल तड़का, सांभर, पालक पनीर, मटर पनीर और बिरयानी जैसे उत्पाद शामिल रहे। इसके साथ-साथ फ्रीज़-ड्राइड फलों की श्रृंखला भी प्रदर्शित की गई, जिसमें जामुन, सीताफल, आम और अमरूद जैसे उत्पाद शामिल थे।
खंडेलवाल फूड इंडस्ट्रीज तैयार खाद्य उत्पादों के अलावा फ्रीज-ड्राइड उत्पाद, रिटॉर्ट उत्पाद और हर्ब्स के क्षेत्र में भी काम करती है। कंपनी अन्य ब्रांडों के लिए अनुबंध आधारित खाद्य निर्माण की सुविधा भी उपलब्ध कराती है।
अपने शहर और राज्य को सिंगापुर में प्रदर्शित करने का मौका मिला, उत्साहित होकर बताते हुए अभिषेक गुप्ता “मैं बहुत खुश हूं कि हमें अपने काम, शहर और राज्य को सिंगापुर में प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इस प्रदर्शनी के माध्यम से हमें अपने उत्पादों को सिंगापुर के बाजार में सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने और वहां के लोगों के व्यवहार, पसंद और स्वाद को करीब से समझने का अवसर मिला। यह हमारे लिए एक बहुत अच्छा सीखने वाला अनुभव रहा। अब मैं यहां से और अधिक प्रेरित होकर जा रहा हूं।”
अभिषेक गुप्ता खंडेलवाल फूड इंडस्ट्रीज के मालिक होने के साथ-साथ कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) राजस्थान यूथ के उपाध्यक्ष भी हैं। सिंगापुर में आयोजित इस प्रदर्शनी में भागीदारी उनके लिए भारतीय तैयार खाद्य उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार के सामने प्रस्तुत करने और कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर रही।
खंडेलवाल फूड इंडस्ट्रीज का कार्यालय जयपुर में स्थित है। कंपनी के अनुसार, उसका काम जयपुर के साथ-साथ बगरू, उदयपुर और अलवर से भी जुड़ा हुआ है।