अजमेर, 3 सितम्बर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अजमेर उत्तर में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्वीप टीम की गरिमा अग्रवाल एवं ऋतु चौहान द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, अजमेर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्स्ना रांगा, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामलाल, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामस्वरूप किराड़िया एवं जिला औषधि भंडार के प्रभारी अधिकारी डॉ. मोहित देवल सहित कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कार्मिकों ने मतदाता शपथ ग्रहण की। सभी ने लोकतंत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का संकल्प लिया।
स्वीप टीम द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान करना न केवल उसका अधिकार है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उसकी जिम्मेदारी भी है।
इस अवसर पर मेरा वोट मेरी जिम्मेदारी एवं हम करें मतदान सब करें मतदान जैसे प्रेरक संदेशों के माध्यम से सभी से स्वयं मतदान करने तथा अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों एवं परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
डॉ. ज्योत्स्ना रंगा ने सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों से अपील की कि वे मतदान के महत्व का संदेश आमजन तक पहुंचाएं और अपने आसपास के पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
स्वीप टीम ने बताया कि अजमेर उत्तर मतदाता जागरूकता अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान के प्रति जागरूक करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे।