विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा, महिलाओं की सुविधा, सम्मान और स्वच्छता सरकार की प्राथमिकता
अजमेर, 6 नवम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को अजमेर शहर के मूंदड़ी मौहल्ले में 17.70 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित महिला सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण किया। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र की स्थानीय निवासी महिलाओं, बाजार में आने वाली महिला ग्राहकों एवं राहगीरों को सुलभ और स्वच्छ प्रसाधन सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्ध है। सार्वजनिक स्थानों एवं व्यस्त बाजारों में महिलाओं के लिए स्वच्छ और सुलभ शौचालयों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। मूंदड़ी मौहल्ले में इस सुविधा का निर्माण महिलाओं की सुविधा एवं सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था केवल मूलभूत सुविधा ही नहीं, बल्कि उनकी गरिमा, स्वास्थ्य और स्वच्छता से भी जुड़ा विषय है। राज्य सरकार ने बजट घोषणा के माध्यम से इस आवश्यकता को प्राथमिकता दी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शौचालय की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था भी विकसित की जाए, ताकि इसका समुचित रखरखाव हो सके।
श्री देवनानी ने कहा कि मूंदड़ी मौहल्ला अजमेर का व्यस्त व्यापारिक एवं सघन आबादी वाला क्षेत्र है। यहां लंबे समय से महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस सुविधा के प्रारम्भ होने से बाजार में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं सहित क्षेत्र की सभी महिलाओं को राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। शहर के आधारभूत ढांचे के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर स्थानीय महिलाओं, मोहल्लेवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने महिला शौचालय की सौगात के लिए श्री देवनानी का साफा पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती तरूणा गोयल, पूर्व पार्षद श्रीमती भारती श्रीवास्तव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिलाएं एवं आमजन उपस्थित रहे।