दीपावली के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अजमेर मंडल में भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा के निर्देशानुसार अजमेर, आबू रोड और उदयपुर सिटी को भीड़ प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्टेशनों के रूप में चिह्नित किया गया है। स्टेशनों पर भीड़ की निगरानी के लिए 24×7 ‘वॉर रूम’ सक्रिय किया गया है, जहाँ से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और संबंधित विभाग सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कड़ी नजर रख रहे हैं। इसके अलावा, अजमेर और उदयपुर सिटी स्टेशनों पर विशेष रूप से अधिकारियों को तैनात किया गया है, जो यात्रियों की आवाजाही की पल-पल की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।
यात्रियों के सुगम ठहराव के लिए अजमेर स्टेशन पर टेंट, पर्याप्त रोशनी और बुनियादी सुविधाओं से युक्त एक अलग ‘होल्डिंग एरिया’ बनाया गया है, जबकि आबू रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 का उपयोग होल्डिंग एरिया के रूप में किया जा रहा है। अजमेर स्टेशन पर यात्रियों के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित कर उचित साइनेज लगाए गए हैं। साथ ही, स्टेशन से भीड़ के सुविधाजनक निकास के लिए ट्रेनों के आगमन की नियमित घोषणाएं भी की जा रही हैं।
टिकट काउंटरों पर भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए कतारों की लंबाई और हर दो घंटे में होने वाली अनारक्षित टिकटों की बिक्री पर नजर रखी जा रही है। व्यस्त समय में अतिरिक्त काउंटर खोलने की व्यवस्था के साथ-साथ ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों (एटीवीएम) पर रात के समय भी 24 घंटे सहायकों (फैसिलिटेटर्स) को तैनात किया गया है। यात्रियों की तुरंत सहायता के लिए ‘रेल मदद’ सेवा पर चौबीसों घंटे कर्मचारी कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त, त्योहारी भीड़ को देखते हुए अजमेर, उदयपुर सिटी और मदार स्टेशनों से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है और नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं।
*मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर*