भीलवाड़ा। नगर निगम चुनाव के गर्म होते माहौल के बीच वार्ड नंबर 22 में एक होर्डिंग को लेकर विवाद सामने आया है। वार्ड नंबर 22 की प्रत्याशी अनुराधा झा के प्रशंसकों की ओर से सेक्टर-10 में गर्ग डिपार्टमेंट के पीछे बांस-बल्लियों के सहारे लगाया गया होर्डिंग कथित रूप से पथराव का शिकार हुआ।अनुराधा झा के समर्थकों का आरोप है कि वार्ड के प्रतिद्वंद्वी पक्ष से जुड़े लोगों द्वारा होर्डिंग पर पत्थर मारे गए, जिससे होर्डिंग को नुकसान पहुंचा। समर्थकों ने इस घटना को चुनावी माहौल में असहमति और विरोध जताने का अनुचित तरीका बताते हुए नाराजगी व्यक्त की।
समर्थकों का कहना है कि लोकतंत्र में हर प्रत्याशी को प्रचार करने और अपनी बात जनता तक पहुंचाने का समान अधिकार है। यदि किसी प्रत्याशी या उसके समर्थकों को किसी प्रचार सामग्री से आपत्ति है, तो उसका विरोध लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए, न कि तोड़फोड़ या पथराव के माध्यम से।
घटना को लेकर समर्थकों ने कहा कि विरोध की यह घटना संबंधित पक्ष की मानसिकता को दर्शाती है, वहीं अनुराधा झा के समर्थकों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी प्रकार के विवाद का जवाब हिंसा से नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक तरीके और जनता के समर्थन से देंगे।
वार्ड नंबर 22 में चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज हो रही हैं और इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म होने के संकेत हैं।