आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ली मतदाता शपथ

‘मेरा वोट, मेरी जिम्मेदारी’ के संदेश के साथ शत-प्रतिशत मतदान के लिए किया प्रेरित

     अजमेर, 5 सितम्बर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अजमेर उत्तर में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आमजन को मतदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। एडीएम शहर श्री प्रवीण कुमार, तहसीलदार पूजा यादव एवं श्री शिवचरण चौधरी के निर्देशन में स्वीप टीम की गरिमा अग्रवाल एवं ऋतु चौहान द्वारा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

     इसी क्रम में शुक्रवार को 50 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मतदाता शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की शपथ ली। साथ ही उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में आमजन को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने तथा अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

     इस अवसर पर अजमेर उत्तर कार्यालय के अधिकारी श्री शिवचरण चौधरी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन के निरंतर संपर्क में रहती हैं। ऎसे में वे मतदाता जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क कर पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने तथा शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आह्वान किया।

     स्वीप टीम की गरिमा अग्रवाल एवं ऋतु चौहान ने कार्यकर्ताओं को बताया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है। कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित नहीं रहे, इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक एवं प्रेरित किया जाना आवश्यक है।

     कार्यक्रम के दौरान ’मेरा वोट, मेरी जिम्मेदारी’ एवं ’हम करें मतदान, सब करें मतदान’ जैसे प्रेरक संदेशों के माध्यम से कार्यकर्ताओं से स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने क्षेत्र के परिवारों, महिलाओं, युवाओं एवं अन्य पात्र मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

     स्वीप टीम ने बताया कि मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोकतंत्र के इस पर्व में प्रत्येक पात्र मतदाता अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मतदान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!