सेवा से जुड़ा पार्षद ही वार्ड की सच्ची आवाज : अनुराधा झा के समर्थन में अली खान की विशाल वाहन रैली

प्रचार के अंतिम दिन उमड़ा जनसमर्थन, सैकड़ों वार्डवासियों ने रैली में लिया भाग; अली खान व सूफियान कपाड़िया ने घर-घर पहुंचकर मांगा समर्थन
भीलवाड़ा। नगर निगम चुनाव के प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन वार्ड नंबर 22 में निर्दलीय महिला प्रत्याशी अनुराधा झा के समर्थन में विशाल वाहन रैली निकाली गई। बॉलीवुड फेम कलाकार अली खान एवं उनके दामाद सूफियान कपाड़िया के नेतृत्व में निकली रैली ने पूरे वार्ड में भ्रमण कर मतदाताओं से अनुराधा झा के पक्ष में मतदान कर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
रैली के दौरान वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। बड़ी संख्या में वाहन रैली में शामिल हुए और जगह-जगह लोगों ने प्रत्याशी के समर्थन में अपना उत्साह व्यक्त किया। प्रचार के अंतिम दिन निकली इस रैली से अनुराधा झा के चुनाव अभियान को खासा जोश मिला।
इस अवसर पर बॉलीवुड कलाकार अली खान ने कहा कि अनुराधा झा पिछले करीब छह वर्षों से अपने एनजीओ के माध्यम से जरूरतमंद एवं गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही महिलाओं के उत्पीड़न के मामलों में आवाज उठाने तथा विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि अनुराधा झा की नम्रता, सेवा भावना और सामाजिक सरोकारों को देखते हुए उन्हें लगता है कि वार्ड को ऐसा पार्षद चाहिए, जो राजनीति को स्वार्थ नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनाए।
अली खान ने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि 9 सितंबर को अनुराधा झा के चुनाव चिन्ह ‘आरी’ पर मतदान कर उन्हें विजयी बनाएं, ताकि वार्ड की समस्याओं को मजबूती से उठाने वाली और आमजन के बीच रहने वाली प्रतिनिधि को नगर निगम में भेजा जा सके।
रैली में शामिल सैकड़ों वार्डवासियों ने अनुराधा झा के समर्थन में उत्साह दिखाया। समर्थकों का कहना था कि चुनाव के अंतिम दिन निकली यह वाहन रैली वार्ड में उनके जनसंपर्क अभियान का प्रभावी समापन रही। अनुराधा झा ने भी रैली में शामिल सभी समर्थकों एवं वार्डवासियों का आभार जताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि वार्ड की जनता की सेवा करना है। इस अवसर पर पूर्वांचल जन चेतना समिति के संस्थापक अध्यक्ष रजनीश वर्मा भी मौजूद थे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!