*अजमेर-दौंड-अजमेर रेलसेवा अब आधुनिक एलएचबी रैक से होगी संचालित; यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित और सुगम सफर का लाभ*

रेल प्रशासन द्वारा रेल यात्रियों की यात्रा को अधिक सुरक्षित, तीव्र और आरामदायक बनाने के उद्देश्य से पारंपरिक आईसीएफ  कोचों के स्थान पर आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच लगाने का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में गाड़ी संख्या 20991/20992 अजमेर-दौंड-अजमेर एक्सप्रेस को आईसीएफ रैक से उन्नत कर नए एलएचबी रैक में परिवर्तित करने का निर्णय लिया गया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव के अनुसार यह एलएचबी सेवा अजमेर से गाड़ी संख्या 20991 में दिनांक 17.09.2026 से तथा दौंड से गाड़ी संख्या 20992 में दिनांक 18.09.2026 से प्रभावी होगी।
इस परिवर्तन के साथ ही ट्रेन की संरचना में भी विस्तार किया गया है, जिसके तहत पूर्व के 18 कोचों के स्थान पर अब कुल 19 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इस नए रैक में 01 सेकंड एसी, 06 थर्ड एसी, 05 द्वितीय शयनयान, 05 साधारण श्रेणी तथा 02 पावर कार डिब्बे शामिल रहेंगे। साधारण श्रेणी में एक अतिरिक्त डिब्बा जुड़ने से आम यात्रियों को यात्रा के लिए अधिक सीटें उपलब्ध हो सकेंगी।
जर्मन तकनीक पर आधारित एलएचबी कोच पारंपरिक कोचों की तुलना में कई मायनों में अत्यधिक उन्नत और लाभकारी हैं। इनमें उन्नत सेंटर बफर कप्लर और एंटी-क्लाइंबिंग सुरक्षा प्रणाली मौजूद होती है, जिससे किसी भी दुर्घटना की स्थिति में डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर नहीं चढ़ते और जान-माल के नुकसान का खतरा नगण्य हो जाता है। बेहतर सस्पेंशन और डिस्क ब्रेक सिस्टम के कारण उच्च गति पर भी यह कोच झटका-मुक्त और शांत यात्रा का अनुभव कराते हैं। साथ ही, पारंपरिक डिब्बों की तुलना में अधिक लंबे और चौड़े होने के कारण इनमें अतिरिक्त बर्थ व लेगरूम, बड़ी खिड़कियां, उन्नत बायो-टॉयलेट, बेहतर वेंटिलेशन और उच्च गति क्षमता जैसी आधुनिक सुविधाएं यात्रियों को मिलती हैं।
मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!