शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने प्रदान की प्राथमिक सदस्यता
अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने वार्ड नंबर 53 के पार्षद कैलाश कोमल को पुनः कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता प्रदान करने की घोषणा की है। इस संबंध में डॉ. जयपाल ने 16 सितंबर 2026 को कैलाश कोमल के नाम पत्र जारी किया।
पत्र में डॉ. जयपाल ने कहा कि कैलाश कोमल पूर्व में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं तथा कुछ अपरिहार्य कारणों एवं गलतफहमियों के चलते उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया था। पार्टी से दूर रहने के बावजूद उनकी कांग्रेस की विचारधारा एवं नीतियों के प्रति निष्ठा बनी रही तथा उन्होंने जमीनी स्तर पर पार्टी के सिद्धांतों का प्रचार करते हुए संगठन के प्रति अपनी वफादारी कायम रखी।
डॉ. जयपाल ने कहा कि कैलाश कोमल की निष्ठा, जनभावनाओं तथा आगामी संगठनात्मक एवं चुनावी प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए उनका निष्कासन रद्द कर उन्हें पुनः भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता प्रदान की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि कैलाश कोमल की पार्टी में वापसी से क्षेत्र में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए अजमेर नगर निगम चुनाव में वार्ड 53 से कैलाश कोमल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित हुए हैं।
प्रवक्ता शैलेश गुप्ता का बयान
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कैलाश कोमल की कांग्रेस में पुनः वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस एक विचारधारा और कार्यकर्ताओं का परिवार है। पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें पुनः संगठन की मुख्यधारा में शामिल करना संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि कैलाश कोमल लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े रहे हैं और अब उनके पुनः कांग्रेस परिवार में आने से वार्ड 53 सहित अजमेर शहर में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। कांग्रेस संगठन सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जनता के मुद्दों और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएगा।
— शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी