अनंत अंबानी ने किया वादा पूरा, रिलायंस फाउंडेशन ने तिरुमला को दीं 25 इलेक्ट्रिक बसें

* श्रद्धालुओं का सफर होगा अधिक आरामदायक और पर्यावरण के अनुकूल
* ब्रह्मोत्सव के बीच मिलीं नई बसें, चार्जिंग स्टेशन भी तैयार

तिरुमला, 16 सितंबर 2026: तिरुमला आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा को ज्यादा आरामदायक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए रिलायंस फाउंडेशन ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को 25 इलेक्ट्रिक बसें सौंपी हैं। साथ ही इन बसों के लिए एक अलग EV चार्जिंग स्टेशन भी दिया गया है। बसों को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हरी झंडी दिखाई।

नई बसों से हर साल तिरुमला आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को पर्यावरण के अनुकूल परिवहन का एक और विकल्प मिलेगा। साथ ही पेट्रोल-डीजल से चलने वाली गाड़ियों पर निर्भरता भी कम होगी। यह सौगात ऐसे समय आई है जब तिरुमला में ब्रह्मोत्सव का दौर चल रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने जून 2026 में अपनी तिरुमला यात्रा के दौरान तिरुमला तिरुपति देवस्थानम को 25 इलेक्ट्रिक बसें देने का वादा किया था। करीब तीन महीने बाद रिलायंस फाउंडेशन ने वह वादा पूरा कर दिया। इन बसों के लिए चार्जिंग की सुविधा तैयार करने में Jio-bp ने तकनीकी सहयोग दिया है।

अनंत अंबानी ने कहा, “हर साल लाखों श्रद्धालु भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए तिरुमला आते हैं। उनकी यात्रा को ज्यादा आरामदायक बनाने में सहयोग करना सौभाग्य और जिम्मेदारी दोनों है। ये 25 इलेक्ट्रिक बसें TTD की उन कोशिशों में हमारा छोटा सा योगदान हैं, जिनका मकसद तिरुमला की तीर्थयात्रा को और आरामदायक बनाना और क्षेत्र की समृद्ध जैव-विविधता को बचाना है।”

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!