एमडीएसयू के 39वें खेलोत्सव ‘जयघोष’ का उत्साहपूर्ण समापन
अजमेर, 19 सितंबर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर में आयोजित 39वें खेलोत्सव ‘जयघोष’ का उत्साह एवं खेल भावना से ओतप्रोत वातावरण में समापन हुआ। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय सहित विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साह, उमंग और अनुशासन के साथ सहभागिता निभाई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि एवं खेल बोर्ड अध्यक्ष के प्रतिनिधि प्रो. लीलाधर सोनी ने विजेता खिलाड़ियों के साथ सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि “खेल में जीत से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता और खेल भावना है।” उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल मैदान में उतरना स्वयं में साहस, परिश्रम और सकारात्मक सोच का परिचायक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वित्त नियंत्रक नेहा शर्मा ने कहा कि खेल में विजेता भले ही एक हो, लेकिन हार कभी प्रयास को व्यर्थ नहीं करती। हार से सीख लेकर खिलाड़ी अगली चुनौती के लिए और बेहतर तैयारी करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अभ्यास, खेल भावना और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को भी समान महत्व देता है। खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, धैर्य, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करती हैं।
योगासन, टेबल टेनिस और शतरंज में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
खेलोत्सव में योगासन, टेबल टेनिस और शतरंज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। योगासन में पुरुष वर्ग की 4 तथा महिला वर्ग की 8 टीमों ने भाग लिया, जिसमें कुल 67 प्रतिभागी रहे। टेबल टेनिस में पुरुष वर्ग की 4 और महिला वर्ग की 3 टीमों सहित कुल 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शतरंज में पुरुष वर्ग की 8 तथा महिला वर्ग की 6 टीमों ने भाग लिया। व्यक्तिगत वर्ग में 26 पुरुष एवं 15 महिला प्रतिभागी शामिल रहे।
प्रतियोगिताओं के प्रमुख परिणाम
शतरंज पुरुष वर्ग में क्षेत्रीय शिक्षण संस्थान, अजमेर ने प्रथम तथा एमडीएस विश्वविद्यालय, अजमेर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
शतरंज महिला वर्ग में क्षेत्रीय शिक्षण संस्थान, अजमेर प्रथम तथा एमएलवी महाविद्यालय, भीलवाड़ा द्वितीय स्थान पर रहा।
टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में एमएलवी महाविद्यालय, भीलवाड़ा ने प्रथम तथा क्षेत्रीय शिक्षण संस्थान, अजमेर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
टेबल टेनिस महिला वर्ग में क्षेत्रीय शिक्षण संस्थान, अजमेर प्रथम तथा सोफिया गर्ल्स कॉलेज, अजमेर द्वितीय रहा।
योगासन महिला वर्ग में एमडीएस विश्वविद्यालय, अजमेर ने प्रथम तथा क्षेत्रीय शिक्षण संस्थान, अजमेर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
पुरुष योगासन प्रतियोगिता में टीमों की संख्या अपर्याप्त होने के कारण केवल ट्रायल आयोजित किया गया।
समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। अंत में खेल सचिव डॉ. तपेश्वर कुमार ने अतिथियों, आयोजन समिति, निर्णायकों, सहयोगी कर्मचारियों एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लारा शर्मा ने किया।