आचार्य श्री सुदर्शन जी महाराज के पोते पटना के आदित्य सिंह सुदर्शन की फिल्मी एंट्री, ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ से करेंगे डेब्यू

पटना। बिहार की धरती ने राजनीति, समाजसेवा, कला और अध्यात्म के क्षेत्र में कई चर्चित नाम दिए हैं। अब पटना से आने वाले आदित्य सिंह सुदर्शन फिल्मी दुनिया में अपनी नई पहचान बनाने के लिए तैयार हैं। आध्यात्मिक और सामाजिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से आने वाले आदित्य सिंह सुदर्शन फिल्म ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ में लीड हीरो के तौर पर अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। उनके दादा आचार्य श्री सुदर्शन जी महाराज हैं, जबकि उनके पिता पूर्व राज्यमंत्री अमिताभ गुंजन चुन्नू हैं।
मोशन पल्स के बैनर तले बनी यह फिल्म भारत की पहली और सबसे बड़ी नियो-नोयर साइकोलॉजिकल सर्वाइवल थ्रिलर के रूप में दर्शकों के सामने आ रही है। फिल्म में दर्शकों को रोमांच, रहस्य, जबरदस्त एक्शन और पहले कभी न देखे गए विजुअल्स का अनुभव कराने का दावा किया गया है।
आदित्य सिंह सुदर्शन की खासियत सिर्फ उनका पारिवारिक बैकग्राउंड नहीं, बल्कि अभिनय के प्रति उनका जुनून और फिटनेस को लेकर उनकी गंभीरता भी है। वे बताते हैं कि बचपन से ही उन्हें अलग-अलग चीजों को सीखने और खुद को आजमाने में रुचि रही है। गोल्फ, शूटिंग, कराटे और पोलो जैसे खेलों से उनका जुड़ाव रहा है। फिटनेस पर भी उनका विशेष ध्यान रहता है और जिम करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। आदित्य का मानना है कि किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना जरूरी है। यही वजह है कि फिल्मी पर्दे पर अपनी पहली पारी शुरू करने से पहले वे खुद को हर स्तर पर तैयार करने में जुटे हैं।
उन्होंने बताया कि उन्हें बचपन से ही माता-पिता प्यार से “हीरो बेटा” कहकर पुकारते थे। शायद यही शब्द उनके मन में कहीं गहराई तक बस गया और बचपन से ही वे सोचने लगे कि आखिर असली मायने में “हीरो” होता कौन है? इसी सवाल का जवाब तलाशते-तलाशते वे उस राह पर निकल पड़े, जहां उन्हें अभिनय मिला। उनके लिए अभिनेता बनना सिर्फ उनका सपना नहीं है, बल्कि यह उनके परिवार और उन हजारों लोगों का भी सपना है, जिन्होंने हमेशा उनका साथ दिया और उन पर विश्वास जताया है। इसलिए उनके कंधों पर सिर्फ अपने सपने को पूरा करने की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि उन हजारों उम्मीदों की भी जिम्मेदारी है। वे केवल कुछ लोगों के प्रति नहीं, बल्कि उन सभी के प्रति जवाबदेह हैं, जिन्होंने उनके इस सफर में अपना प्यार, विश्वास और आशीर्वाद दिया है। यही विश्वास उन्हें हर कदम पर मेहनत करने और अपने सपने को पूरी ईमानदारी से जीने की प्रेरणा देता है।
वहीं, फिल्म ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ को लेकर आदित्य सिंह सुदर्शन काफी उत्साहित हैं। वे इसे अपने लिए बेहद खास फिल्म बताते हुए कहते हैं कि यह बहुत रेयर फिल्म है, एक मास्टरपीस है। इस फिल्म के लिए उन्होंने काफी मेहनत की है और उनकी मेहनत अभी भी जारी है। उनकी दिली इच्छा है कि दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंचें और उन्हें तथा पूरी टीम को अपना प्यार और आशीर्वाद दें। वे चाहते हैं कि ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ दर्शकों के दिलों में अपनी अलग पहचान बनाए। फिल्म की कहानी, रहस्य और सर्वाइवल का रोमांच दर्शकों को किस हद तक प्रभावित करता है, यह रिलीज के बाद सामने आएगा।
उन्होंने कहा कि महादेव और अपने माता-पिता के आशीर्वाद से मेरे जीवन में बहुत कुछ नया आने वाला है। आप मुझे सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बनाते हुए देखेंगे। मेरा सपना है कि मैं अपने देश भारत, अपनी जन्मभूमि बिहार और बिहार के अपने लोगों का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय मंच पर करूं। आप सभी का प्यार, विश्वास और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।
फिल्म का निर्देशन सुनील सिरवैया कर रहे हैं। सुनील सिरवैया को जी सिने अवार्ड्स से सम्मानित किया जा चुका है और वे ‘बनवास’ और ‘जीनियस’ जैसी फिल्मों में लेखन का काम कर चुके हैं। ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ के जरिए वे निर्देशन के क्षेत्र में कदम रख रहे हैं। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर अंजन भट्टाचार्य के पास है, जिन्होंने ‘बेबी डॉल’, ‘हैंगओवर’, ‘चीटियां कलाइयां’ और ‘पार्टी तो बनती है’ जैसे लोकप्रिय और ब्लॉकबस्टर गानों से संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। फिल्म में उनका संगीत एक महत्वपूर्ण आकर्षण माना जा रहा है। फिल्म को लेकर टीम ने ऐसे विजुअल्स और सस्पेंस तैयार करने की बात कही है, जो दर्शकों को अंत तक सीट से बांधे रखेंगे।
फिलहाल पटना के आदित्य सिंह सुदर्शन की फिल्मी एंट्री ने उनके प्रशंसकों और फिल्म प्रेमियों की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है। एक आध्यात्मिक-सामाजिक परिवार से निकला यह नया चेहरा अब बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाने की तैयारी में है और ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ उनके इस सफर का पहला अध्याय बनने जा रही है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!