मुंबई, 28 सितम्बर। कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित “सृजन के रंग” कला गोष्ठी में साहित्य और संगीत की विभिन्न विधाओं में बिखरे कलात्मक रंगों ने इसे यादगार बना दिया।
कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संतोष कुमार झा की अध्यक्षता में बेलापुर स्थित पंचशील विश्राम गृह परिसर में इस कला गोष्ठी का आयोजन 27 सितम्बर, 2026 को किया गया। राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित इस गोष्ठी में मुंबई और नई मुंबई के विभिन्न प्रबुद्ध रचनाकारों ने अपनी प्रतिनिधि काव्य रचनाओं के अलावा लघुकथा एवं संस्मरण तथा लोक संगीत की विभिन्न प्रस्तुतियों के ज़रिये सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इनमें वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अमरीश सिन्हा, संतोष कुमार झा, श्रीमती रागिनी शाह, डॉ. अलका अग्रवाल सिग्तिया, डॉ. शैलेश श्रीवास्तव एवं आनंद प्रकाश सिंह के अलावा वरिष्ठ गीतकार गजानन महतपुरकर, वरिष्ठ अभिनेता एवं कवि रवि यादव, वरिष्ठ संगीतकार एवं गायक सरोज सुमन, रेडियो जॉकी एवं साहित्यकार शिल्पा राठी, मशहूर स्टैंड अप कॉमेडियन एवं कवयित्री डॉ. ऋचा श्रीवास्तव, वरिष्ठ साहित्यकार रमेश मिश्रा, कोंकण रेलवे के राजभाषा अधिकारी सदानंद चितळे तथा परमाणु ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं सुप्रसिद्ध कवि प्रिंस ग्रोवर शामिल रहे। अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में श्री संतोष कुमार झा ने कहा कि साहित्य और संगीत हमारे जीवन को सुरुचिपूर्ण बनाते हैं और हमें चुनौतियों से लड़ने की ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने गोष्ठी में पधारे सभी कलाकारों का कोंकण रेलवे की ओर से हार्दिक आभार प्रकट किया। इस कला गोष्ठी का शानदार संचालन मुंबई महानगर के सुप्रसिद्ध मंच संचालक प्रिंस ग्रोवर ने किया। इस गोष्ठी के सफल आयोजन में कोंकण रेलवे के राजभाषा अधिकारी सदानंद चितळे के अलावा राजभाषा विभाग के वरिष्ठ कार्मिक सतीश धुरी एवं सुश्री प्रिया निकेत ने प्रमुख भूमिका निभाई।