विश्व हृदय दिवस पर मित्तल हॉस्पिटल में सीपीआर ड्रिल, हृदयाघात की स्थिति में त्वरित मदद का दिया संदेश

अजमेर, 29 सितम्बर()। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर मंगलवार को मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, अजमेर की लॉबी में सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) ड्रिल आयोजित की गई। ड्रिल के माध्यम से हृदयाघात अथवा अचानक कार्डियक इमरजेंसी की स्थिति में पीड़ित को तत्काल प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने तथा समय पर चिकित्सकीय मदद लेने के प्रति आमजन को जागरूक किया गया। हॉस्पिटल में उपस्थित अनेक पीड़ितों के परिवारजनों ने सीपीआर का अभ्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मित्तल हॉस्पिटल के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राहुल गुप्ता और डॉ. विवेक माथुर ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, खानपान में लापरवाही, शारीरिक निष्क्रियता, तनाव, धूम्रपान और अनियमित दिनचर्या हृदय स्वास्थ्य के लिए चुनौती बन रहे हैं। ऐसे में हृदय रोग का उपचार कराने से अधिक जरूरी है कि बीमारी से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए।

उन्होंने बताया कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना शारीरिक रूप से सक्रिय रहना, नियमित पैदल चलना अथवा अपनी क्षमता के अनुसार व्यायाम करना, वजन नियंत्रित रखना तथा भोजन में नमक, अतिरिक्त चीनी और अस्वास्थ्यकर वसा की मात्रा कम करना महत्वपूर्ण है। धूम्रपान एवं तंबाकू से पूरी तरह दूरी, पर्याप्त नींद और तनाव का प्रभावी प्रबंधन भी हृदय स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।

डॉक्टरों ने कहा कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल अथवा मोटापे की समस्या वाले लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए और चिकित्सकीय सलाह को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। परिवार में हृदय रोग का इतिहास होने पर अपनी जोखिम स्थिति के अनुसार समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना भी उपयोगी है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में अपने शरीर के प्रति व्यक्ति का सर्तक रहना ज्यादा जरूरी है। शरीर के संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डरने की तो कतई जरूरत नहीं है। चिकित्सा विज्ञान ने इतनी तरक्की कर ली है पीड़ित को लम्बी आयु तक भी सुरक्षित रखा जा सकता है।

सीपीआर ड्रिल में दिखाई आपात स्थिति की प्रक्रिया…..
ड्रिल के दौरान काउंसलर अनुज माथुर ने लॉबी में एक व्यक्ति के अचानक गिरने की स्थिति का डमी पर प्रदर्शन किया। स्थिति को समझते हुए तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई और चिकित्सकीय टीम को बुलाने के लिए कोड ब्ल्यू अनाउंस कराया गया। इसके बाद चिकित्सकीय टीम ने मौके पर पहुंचकर सीपीआर सहित आवश्यक आपात प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इससे यह संदेश दिया गया कि हृदय संबंधी आपात स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और तत्काल प्रतिक्रिया जीवन बचाने में सहायक हो सकती है।

सीपीआर ड्रिल मैनेजर क्वालिटी कविता लालवानी, नर्सिंग अधीक्षक राजेन्द्र गुप्ता के संयोजन में की गई। डॉ. उमेश नागपाल के नेतृत्व में नर्सिंग इंचार्ज आईसीयू मनोज कुमार शर्मा, फैज अहमद और पंकज चतुर्वेदी की टीम ने डमी पर सीपीआर देने का प्रदर्शन किया। बाद में डॉ विवेक माथुर व डॉ राहुल गुप्ता ने लोगों की जिज्ञासा दूर करने के लिए उन्हें अभ्यास कराया।

हॉस्पिटल के सीईओ एस.के. जैन ने बताया कि विश्व हृदय दिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हॉस्पिटल में किए जा रहे विविध स्वास्थ्य जागरुकता आयोजन के क्रम में सीपीआर ड्रिल कराई गई। आम लोगों ने चिकित्सकों की उपस्थिति में डमी पर पीड़ित को कृत्रिम श्वास देने का अभ्यास किया। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के लिए हार्ट विषय पर इन-हाउस पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया। शाम को मित्तल मॉल में भी विश्व हृदय दिवस के अवसर पर सीपीआर ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वाइस प्रेसिंडेंट श्याम सोमानी,चिकित्सा अधीक्षक डॉ विनोद विजयवर्गीय, डॉ जवाहर गार्गिया,वीपीओ डॉ विद्या दायमा,आदि उपस्थित थे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!