अजमेर, 9 अक्टूबर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के लिए जारी समय सारणी के अनुसार जिले के जिला परिषद सदस्यों एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवम्बर को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय माखुपुरा में होगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव का कार्यक्रम जारी किया गया है। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा। जिले मंे मतदान दलों की रवानगी एवं संग्रहण के संबंध में माकूल व्यवस्था की गई है। प्रथम चरण के लिए समस्त जिला परिषद सदस्यों, केकड़ी, सरवाड़, सावर, पीसांगन, श्रीनगर एवं अजमेर ग्रामीण के पंचायत समिति सदस्य तथा समस्त पंच एवं सरपंच के लिए लोक सूचना 8 अक्टूबर को जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए जिला परिषद सदस्यों एवं पंचायत समिति सदस्यों के नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, संवीक्षा, नाम वापसी एवं चुनाव चिह्न आवटंन का कार्य गुरूवार 15 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस चरण के पंच एवं सरपंच के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, संवीक्षा, नाम वापसी एवं चुनाव चिह्न आवटंन का कार्य 23 अक्टूबर को होगा। प्रथम चरण में अजमेर ग्रामीण की केवल नांद ग्राम पंचायत ही शामिल रहेगी।
उन्होंने बताया कि जिले की 10 पंचायत समितियों की 261 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन की प्रक्रिया होगी। प्रथम चरण में मतदान जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 22 अक्टूबर को तथा पंच एवं सरपंच पद के लिए 24 अक्टूबर को होगा। पंचायत समिति सरवाड़ के 15 वार्डो की 25 ग्राम पंचायतों के 84 मतदान बूथों पर मतदान होगा। सरवाड़ में जिला परिषद के वार्ड संख्या 12, 13, 15 एवं 19 शामिल है। पंचायत समिति केकड़ी के 15 वार्डो की 22 ग्राम पंचायतों के 83 मतदान बूथों पर मतदान होगा। केकड़ी में जिला परिषद के वार्ड संख्या 12, 14, 15 एवं 18 शामिल है। पंचायत समिति सावर के 15 वार्डो की 20 ग्राम पंचायतों के 68 मतदान बूथों पर मतदान होगा। सावर में जिला परिषद के वार्ड संख्या 15, 16 एवं 17 शामिल है। पंचायत समिति पीसांगन के 17 वार्डो की 26 ग्राम पंचायतों के 105 मतदान बूथों पर मतदान होगा। पीसांगन में जिला परिषद के वार्ड संख्या 2, 3, 6, एवं 7 शामिल है। पंचायत समिति श्रीनगर के 19 वार्डो की 28 ग्राम पंचायतों के 116 मतदान बूथों पर मतदान होगा। श्रीनगर में जिला परिषद के वार्ड संख्या 7, 8, 24 एवं 25 शामिल है। पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण के एक वार्ड (वार्ड संख्या 10) की एक ग्राम पंचायत (नांद) के 5 मतदान बूथों पर मतदान होगा। अजमेर ग्रामीण में जिला परिषद के वार्ड संख्या 2 शामिल है। इस प्रकार प्रथम चरण में 15 जिला परिषद वार्डो, 82 पंचायत समिति वार्डो की 122 ग्राम पंचायतों के 461 मतदान बूथों पर मतदान होगा।
उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण के लिए अरांई, बडल्या, सिलोरा एवं भिनाय पंचायत समिति सदस्यों, पंच एवं सरपंच पद के लिए निर्वाचन की लोक सूचना मंगलवार 13 अक्टूबर को जारी होगी। पंचायत समिति सदस्य के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, संवीक्षा, नाम वापसी एवं चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूर्ण की जाएगी। अंराई, बडल्या, सिलोरा, भिनाय एवं नांद को छोड़कर अजमेर ग्रामीण के पंच एवं सरपंच की नाम निर्देशन प्राप्त करने, संवीक्षा, नाम वापसी एवं चुनाव चिह्न आवटंन की प्रक्रिया 29 अक्टूबर को होगी।
उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण के लिए जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों का मतदान 28 अक्टूबर तथा पंच एवं सरपंच पद का मतदान 30 अक्टूबर को होगा। पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण के 18 (एक से 9 एवं 11 से 19) वार्डो की 25 ग्राम पंचायतों (नांद को छोड़कर) के 109 मतदान बूथों पर मतदान होगा। अजमेर ग्रामीण में जिला परिषद के वार्ड संख्या 1, 4, 5, 28 एवं 33 शामिल है। पंचायत समिति बडल्या के 17 वार्डो की 25 ग्राम पंचायतों के 87 मतदान बूथों पर मतदान होगा। बडल्या में जिला परिषद के वार्ड संख्या 4, 5, 26, 27 एवं 28 शामिल है। पंचायत समिति सिलोरा के 27 वार्डो की 36 ग्राम पंचायतों के 154 मतदान बूथों पर मतदान होगा। सिलोरा में जिला परिषद के वार्ड संख्या 23, 29, 30, 31, 32, एवं 33 शामिल है। पंचायत समिति अराई के 17 वार्डो की 23 ग्राम पंचायतों के 86 मतदान बूथों पर मतदान होगा। अरांई में जिला परिषद के वार्ड संख्या 20, 21, 22 एवं 23 शामिल है। पंचायत समिति भिनाय के 19 वार्डो की 30 ग्राम पंचायतों के 116 मतदान बूथों पर मतदान होगा। भिनाय में जिला परिषद के वार्ड संख्या 9, 10 एवं 11 शामिल है। इस प्रकार द्वितीय चरण में 98 पंचायत समिति वार्डो, 114 ग्राम पंचायतों के 552 मतदान बूथों पर मतदान होगा। द्वितीय चरण में जिला परिषद के 18 वार्डो का चुनाव होगा।
उन्होंने बताया कि पंचायती राज चुनाव-2026 के लिए प्रथम चरण के मतदान दलों का प्रस्थान 21 अक्टूबर को एवं द्वितीय चरण के मतदान दलों का प्रस्थान 27 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से किया जाएगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के पश्चात प्रयुक्त ईवीएम मशीनें एवं सामग्री संबंधित जोनल मजिस्ट्रेट द्वारा संबंधित मतदान केंद्र के सहायक मतदान अधिकारी प्रथम के माध्यम से संबंधित पंचायत समिति मुख्यालय के संग्रहण केंद्र पर संग्रहित की जाएगी। मतदान सामग्री संग्रहण व्यवस्था स्थल पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अजमेर, अरांई के लिए राजकीय महाविद्यालय अरांई, भिनाय के लिए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय भिनाय, केकड़ी के लिए राजकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय केकड़ी, सिलोरा (किशनगढ़) के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परासिया किशनगढ़, पीसांगन के लिए पंचायत समिति पीसांगन, सरवाड़ के लिए पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरवाड़, सावर के लिए उपखण्ड कार्यालय सावर, श्रीनगर (नसीराबाद) के लिए श्री गोविन्द सिंह गुर्जर राजकीय महाविद्यालय नसीराबाद तथा बडल्या (अजमेर) के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज अजमेर निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि पंचायत समिति मुख्यालय के संग्रहण केंद्र पर संग्रहित ईवीएम मशीनें एवं मतदान सामग्री संबंधित रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत) के द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानदण्डों का पालन करते हुए जिला मुख्यालय स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित भण्डारण किया जाएगा। जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य के सामग्री संग्रहण करवाए जाने के पश्चात सरपंच, पंच एवं उप सरपंच का मतदान करवाए जाने के लिए मतदान दल पुनः अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुँचेंगे। सरपंच, पंच एवं उप सरपंच का मतदान करवाए जाने के पश्चात सरपंच, पंच एवं उप सरपंच की मतदान सामग्री एवं परिणाम संबंधी दस्तावेज मतदान दल द्वारा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज माखुपुरा अजमेर में संबंधित पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी को जमा करवाई जाएगी। जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य की मतगणना 20 नवम्बर को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज माखुपुरा में की जाएगी।