पाकिस्तान में कथित तौर पर दो भारतीय सहित पांच लोगों को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
जियो न्यूज चैनल के मुताबिक भारत के लिए जासूसी करने के आरोप में लाहौर में दो अलग-अलग स्थानों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो कथित तौर पर भारतीय नागरिक हैं। अधिक विवरण न देते हुए चैनल ने दावा किया कि सुरक्षा एजेंसियां पांचों से पूछताछ कर रही हैं। जबकि पाकिस्तानी रेडियो के ट्विटर अकाउंट पर कहा गया है कि भारत-पाकिस्तान सीमा से पांच भारतीय जासूसों को पकड़ा गया है। इसने भी ज्यादा विवरण नहीं दिया है। आधिकारिक रूप से इस पर कुछ नहीं कहा गया है।
वहीं, समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने 27 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इनके साथ छह नावों को भी जब्त किया गया है। सुरक्षा एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि यह गिरफ्तारी रविवार को पाकिस्तानी समुद्री सीमा के 40 नॉटिकल माइल्स के भीतर घुसने पर की गई। इन मछुआरों को कराची पुलिस के हवाले कर दिया गया है।