अजमेर में 41वें शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ

बंगाली समाज ने की षष्ठी पूजा, माता के आवाहन के साथ शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान
अजमेर। गीतांजलि कल्चरल एंड वेलफेयर सोसाइटी, अजमेर की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 41वें श्री श्री शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन वैशाली नगर स्थित जनता कॉलोनी के दीनदयाल उद्यान में भोलेश्वर महादेव मंदिर के पास किया जा रहा है। महोत्सव के तहत शुक्रवार को षष्ठी पूजा के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का विधिवत शुभारंभ हुआ।
प्रातः 8 बजे कोलकाता से आए पुजारियों के सान्निध्य में षष्ठी पूजा संपन्न हुई। इस दौरान सुहागिन महिलाओं ने अपने बच्चों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की। संध्याकाल में माता का आमंत्रण, बोधन, प्राण प्रतिष्ठा, घट पूजा और अधिवास सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए गए। माता के आवाहन के बाद सुहागिन महिलाओं ने माता की प्रदक्षिणा की। इसके पश्चात शाम 7 बजे आरती का आयोजन हुआ।
भव्य सजावट से सजा पूजा पंडाल
महोत्सव को लेकर पिछले दो दिनों से माता का विशेष श्रृंगार किया गया। साथ ही पूजा स्थल और पंडाल को भव्य रूप से सजाया गया। संध्याकालीन बोधन अनुष्ठान के दौरान समाज के सभी सदस्यों ने माता से पूजा स्वीकार करने तथा महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की कामना के साथ मंगल प्रार्थना की।
— पी.के. दास
कोषाध्यक्ष एवं प्रवक्ता
गीतांजलि कल्चरल एंड वेलफेयर सोसाइटी, अजमेर

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!