कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल को ‘कुलपति शिक्षा भूषणम्’ सम्मान

तापड़िया एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित समारोह में देश के नौ विख्यात कुलपतियों का हुआ सम्मान

अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल को तापड़िया एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा प्रतिष्ठित ‘कुलपति शिक्षा भूषणम्’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह प्रसिद्ध संत प्रखर महाराज जी के सानिध्य में भारतीय परंपराओं एवं सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप आयोजित किया गया। समारोह में देश के नौ विख्यात कुलपतियों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए विभिन्न सम्मानों से नवाजा गया।

इस अवसर पर प्रो. अग्रवाल को प्रशस्ति पत्र, शॉल, नारियल, पुष्पगुच्छ एवं सालासर बालाजी की विशाल प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में विद्वतजन, शिक्षाविद् एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

तापड़िया एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री महावीर प्रसाद तापड़िया ने महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा एवं अकादमिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय को राजस्थान प्रदेश के अग्रणी विश्वविद्यालयों में से एक बताते हुए कहा कि कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल को सम्मानित करके सम्मान स्वयं गौरवान्वित हुआ है।

यह सम्मान प्रो. अग्रवाल के शैक्षणिक नेतृत्व, उच्च शिक्षा के उन्नयन तथा विश्वविद्यालय के अकादमिक एवं संस्थागत विकास के प्रति प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण प्रतिफल है। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध एवं नवाचार के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की दिशा में अग्रसर है।

कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल को प्राप्त इस प्रतिष्ठित सम्मान से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष एवं गौरव का वातावरण है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को और अधिक सुदृढ़ करने वाली है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!