श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित वर्धमान रूट्स स्कूल में प्ले ग्रुप एवं नर्सरी कक्षा के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने अपने माता-पिता के साथ उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे कागजों, आकर्षक आकृतियों और मनमोहक डिजाइनों से सजे कार्ड कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच, एकाग्रता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अभिभावकों की सहभागिता के माध्यम से बच्चों और माता-पिता के बीच भावनात्मक जुड़ाव एवं आपसी सहयोग को बढ़ावा देना था। बच्चों ने अभिभावकों के मार्गदर्शन में सुंदर ग्रीटिंग कार्ड तैयार किए और अपनी कल्पनाओं को रंगों एवं आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से साकार किया।
प्रतियोगिता में निर्णायकगण कविता जी एवं निशा जी ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए कार्डों का अवलोकन कर उनकी सजावट, रंगों के संयोजन, रचनात्मकता एवं प्रयासों के आधार पर मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में *प्रयाण बंट ने प्रथम, प्रयाण जैन ने द्वितीय तथा अरहम जैन ने तृतीय स्थान* प्राप्त किया। निर्णायकगण ने विजेता विद्यार्थियों सहित सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या *श्वेता नाहर* ने बच्चों की कलाकृतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना भी आवश्यक है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की कल्पनाशक्ति, आत्मविश्वास, एकाग्रता एवं कलात्मक क्षमता को विकसित करने में सहायक होती हैं। साथ ही, अभिभावकों की सहभागिता बच्चों के सीखने के अनुभव को अधिक आनंदमय और प्रभावशाली बनाती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय का उद्देश्य प्रारंभिक शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के बौद्धिक, भावनात्मक, सामाजिक एवं रचनात्मक विकास को प्रोत्साहित करना है। इसी दिशा में विद्यालय द्वारा समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है, ताकि बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने के अवसर मिल सकें।