श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने जूडो प्रतियोगिता में लहराया परचम

एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर बढ़ाया ब्यावर का गौरव

शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान बना रहे श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय, ब्यावर की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के तत्वावधान में आयोजित 39वीं अंतरमहाविद्यालयी महिला जूडो प्रतियोगिता में श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण एवं दो रजत पदक हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में  श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने शारीरिक शिक्षिका सीमा कंवर के नेतृत्व में अलग-अलग भार वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का परिचय दिया। 63 किलोग्राम से कम भार वर्ग में सुमन भाटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं 52 किलोग्राम भार वर्ग में तनवी अग्रवाल तथा 78 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में सुष्मिता जांगिड ने रजत पदक प्राप्त कर महाविद्यालय की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ दिया।

इस उपलब्धि पर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि खेल छात्राओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है।

महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आर.सी.लोढ़ा ने भी छात्राओं की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करना है।

इस दौरान सभी विजेता छात्राओं एवं शारीरिक शिक्षिका सीमा कंवर का माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया।।

श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय की यह उपलब्धि छात्राओं की खेल प्रतिभाओं, सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण और छात्राओं को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!